टिहरी , पहाड़ न्यूज टीम

वन मंत्री सुबोध उनियाल ने काणाताल में चंबा-मसूरी के बीच कौड़िया इको ट्रेल का विधिवत रूप से उद्घाटन किया. विश्व साइकिल दिवस के अवसर पर युवाओं को ट्रेल पर साईकलिंग के लिए हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर वन मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि ईको-टूरिज्म की गतिविधियों में ईको-ट्रेल महत्वपूर्ण होगा। इससे यहां पर्यटकों का आकर्षण तो बढ़ेगा ही साथ ही वन विभाग की आमदनी भी बढ़ेगी।

ईको ट्रेल के शुभारंभ पर अपने बयान में वन मंत्री ने आगे कहा कि उत्तराखंड में पर्यटन की अपार संभावनाएं हैं. इसलिए वन विभाग आम लोगों से जुड़ी योजनाओं को धरातल पर उतारने का काम करेगा. जिससे वन विभाग से आम लोगों की दूरियां कम होंगी और वनों का लाभ कहीं न कहीं स्थानीय लोगों को होगा. इसके लिए एक सोसायटी बोर्ड का भी गठन किया जाएगा। अधूरे गेस्ट हाउस का निर्माण भी पूरा किया जाएगा।

इसके साथ ही चंबा-मसूरी मार्ग पर कौड़िया के घने देवदार के जंगलों में माउंटेन बाइकिंग का रोमांच अब पर्यटकों के लिए शुरू हो गया है. वन मंत्री सुबोध उनियाल ने छह किलोमीटर लंबे ट्रैक का उद्घाटन कर खिलाड़ियों को झंडी दिखाकर रवाना किया। वन विभाग यहां और सुविधाएं विकसित करने की तैयारी कर रहा है, जिसके बाद एडवेंचर के शौकीनों को यहां सभी एडवेंचर स्पोर्ट्स की सुविधा मिल सकेगी।

चंबा-मसूरी मार्ग पर स्थित कौड़िया अपने घने देवदार के जंगलों के लिए प्रसिद्ध है। ऋषिकेश से 80 किमी दूर यहां का मौसम साल भर खुशनुमा रहता है। अब तक काणाताल और धनोल्टी आने वाले पर्यटकों के लिए जंगल सफारी की सुविधा थी। लेकिन अब एडवेंचर के दीवानों को भी यहां माउंटेन बाइकिंग की सुविधा मिल सकेगी. शुक्रवार को वन मंत्री सुबोध उनियाल ने माउंटेन बाइकिंग टीम को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यहां दो ट्रैक बनाए गए हैं। 6 किमी के ट्रैक के लिए 600 रुपए और डेढ़ किमी ट्रैक के लिए 300 रुपए शुल्क रखा गया है. फिलहाल वन विभाग ने यहां 12 साइकिलें रखी हैं।
वन मंत्री ने कहा कि चंबा और मसूरी के बीच देश भर से पर्यटक धनोल्टी और काणाताल आते हैं. यहां साहसिक खेलों को बढ़ावा देने की योजना तैयार की जा रही है। वन विभाग स्थानीय युवाओं को पर्यटन से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार के लिए प्रेरित करने की कार्ययोजना तैयार कर रहा है। इस अवसर पर प्रतापनगर विधायक विक्रम सिंह नेगी, डीएम इवा श्रीवास्तव, डीएफओ वीके सिंह, विनोद रतूड़ी, सुनीता देवी, शिवानीर बिष्ट, रेंजर आशीष डिमरी आदि उपस्थित थे.