मसूरी : मसूरी लाइब्रेरी मार्ग पर आईटीबीपी गेट के पास रविवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया. यहां यात्रियों से भरी रोडवेज बस अनियंत्रित होकर एक सड़क से नीचे दूसरी सड़क पर जा गिरी। बस में सवार करीब 36 यात्री सवार थे, जिनमें से 17 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। जिन्हें इलाज के लिए 108 एंबुलेंस की मदद से अस्पताल भेजा गया है। वहीं, एक यात्री की हालत अधिक गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उसे हायर सेंटर रेफर कर दिया है.

जानकारी के मुताबिक यह हादसा आज दोपहर मसूरी देहरादून रोड पर आईटीबीपी गेट के पास हुआ. वहीं, इस हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही आईटीबीपी के जवान और मसूरी पुलिस मौके पर पहुंच गई। जिसके बाद रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। बस में करीब 36 लोग सवार थे। जिनमें से ज्यादातर को चोटें आई हैं। सूचना मिलने पर डीएम देहरादून सोनिका सिंह भी मौके पर पहुंची और घटना का जायजा लिया. जिसके बाद वह घायलों का हाल जानने अस्पताल पहुंची.

इस हादसे में घायल हुए करीब 10 लोगों को मसूरी के भारत तिब्बत सीमा पुलिस अस्पताल भेजा गया है. वहीं, कुछ का इलाज मसूरी उप जिला अस्पताल में चल रहा है। 17 लोग गंभीर रूप से घायल हैं, जिनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। जिसे हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।