हैदराबाद, PAHAAD NEWS TEAM

भारतीय मूल के पराग अग्रवाल के सीईओ बनने के एक दिन बाद Twitter के नए नियम जारी किए गए हैं. इसके मुताबिक माइक्रो ब्लॉगिंग साइट Twitter के यूजर्स बिना परमिशन के किसी और की तस्वीर शेयर नहीं कर पाएंगे।

कंपनी ने अपनी नेटवर्क नीति को और सख्त करते हुए कहा है कि Twitter के नए नियम के तहत जो लोग सेलिब्रिटी नहीं हैं, वे ट्विटर से बिना अनुमति के पोस्ट की गई तस्वीरों या वीडियो को हटाने के लिए कह सकते हैं। Twitter ने पहले ही उपयोगकर्ताओं को दूसरों की व्यक्तिगत जानकारी साझा करने पर प्रतिबंध लगा दिया है।

उपयोगकर्ता किसी का पता या स्थान, पहचान पत्र, गैर-सार्वजनिक संपर्क जानकारी, वित्तीय जानकारी या चिकित्सा डेटा साझा नहीं कर सकते हैं। कंपनी का दावा है कि अगर कोई फोटो रिपोर्ट करता है और नई पॉलिसी के तहत उसे हटाने का अनुरोध करता है तो उसे हटा दिया जाएगा। यह नियम 30 नवंबर से लागू हो गया है।

इस नियम के तहत ऐसे फोटो और वीडियो पोस्ट नहीं हटाए जाएंगे, जो अखबार, न्यूज पोर्टल और टेलीविजन न्यूज शेयर करने के लिए बनाए गए हैं और अन्य प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध हैं। Twitter का यह नियम सेलिब्रिटीज पर लागू नहीं होता है।