वाशिंगटन , PAHAAD NEWS TEAM

अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन ने कहा कि रूस रासायनिक हथियारों के इस्तेमाल की भारी कीमत चुकाएगा. उन्होंने कहा कि अमेरिका यूक्रेन में रूस से नहीं लड़ेगा क्योंकि नाटो और मॉस्को के बीच सीधे टकराव से तीसरा विश्व युद्ध शुरू हो जाएगा।

रूस द्वारा यूक्रेन के दोनेत्सक और लुहान्स्क को स्वतंत्र क्षेत्रों के रूप में मान्यता देने के तीन दिन बाद रूसी सेना ने 24 फरवरी को यूक्रेन में एक सैन्य अभियान शुरू किया था । बाइडन ने व्हाइट हाउस में संवाददाताओं से कहा, “हम यूरोप में अपने सहयोगियों के साथ खड़े रहेंगे और सही संदेश देंगे।” हम अमेरिका की पूरी ताकत से नाटो क्षेत्र के हर इंच की रक्षा करेंगे और नाटो की मदद करेंगे। “हम यूक्रेन में रूस के खिलाफ युद्ध नहीं लड़ेंगे,” उन्होंने कहा। नाटो और रूस के बीच सीधा टकराव तृतीय विश्व युद्ध की ओर ले जाएगा। यह कुछ ऐसा होगा जिसे हमें रोकने की कोशिश करनी चाहिए।

उत्तरी अटलांटिक संधि संगठन (नाटो) 30 देशों का समूह है, जिसमें उत्तरी अमेरिकी और यूरोपीय देश शामिल हैं। बाइडेन ने कहा कि रूस कभी यूक्रेन नहीं जीत पाएगा। बाइडेन ने कहा, “उन्हें (रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ) बिना किसी लड़ाई के यूक्रेन पर हावी होने की उम्मीद थी, वह असफल रहे।” अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि पुतिन नाटो को तोड़ने और कमजोर करने के अपने कथित प्रयास में भी विफल रहे। उन्होंने कहा कि यूक्रेन के मुद्दे पर दुनिया एक है। बाइडेन ने कहा, ‘हम यूक्रेन के लोगों के साथ खड़े हैं. हम निरंकुश शासकों को दुनिया की दिशा तय करने नहीं देंगे।