लखनऊ, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में बुधवार देर शाम बड़ा हादसा हो गया. बताया जा रहा है कि शादी समारोह में हल्दी की रस्म के दौरान कई लड़कियां और महिलाएं कुएं में गिर गईं. इसमें लड़कियों समेत 13 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक हल्दी की रस्म के दौरान सभी कुएं के जाल पर बैठकर पूजा कर रहे थे, तभी जाली टूटने से सभी उसमें गिर गए. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुशीनगर हादसे पर गहरा दुख जताया है. पीएम ने ट्वीट किया, ‘उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में हुआ हादसा दिल दहला देने वाला है. इसमें जान गंवाने वालों के परिवारों के प्रति मैं अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। साथ ही घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। स्थानीय प्रशासन हर संभव मदद में लगा हुआ है।

हादसे के बाद लोगों ने सभी को कुएं से बाहर निकाला और सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया. जहां डॉक्टरों ने 13 लोगों को मृत घोषित कर दिया। प्रशासन और पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई है। रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है, लेकिन अंधेरा होने से दिक्कत हो रही है। घटना नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र की है।

बताया जाता है कि नौरंगिया स्कूल टोला के रहने वाले परमेश्वर कुशवाहा के यहां शादी समारोह के तहत हल्दी की रस्म चल रही थी. इस बीच रात करीब 10 बजे गांव के बीचोबीच बने पुराने कुएं के पास 50-60 महिलाएं व लड़कियां खड़ी थीं. कुएं को लोहे के जाल से ढका गया था, जिस पर बहुत से लोग चढ़ गए थे। तभी कुएं के पास खड़ी कई महिलाएं और लड़कियां लोहे का जाल टूटने से कुएं में गिर गईं और पानी में डूब गईं। कुशीनगर के जिलाधिकारी एस. राजलिंगम ने कहा कि हादसे में मारे गए लोगों के परिवारों को चार-चार लाख रुपये दिए जाएंगे.

इस हादसे पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गहरा दुख जताया है. उन्होंने जिला प्रशासन के अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंचकर बचाव एवं राहत कार्य करने और दुर्घटना में घायल हुए लोगों को उचित इलाज मुहैया कराने के निर्देश दिए हैं.