हल्द्वानी, PAHAAD NEWS TEAM
ग्रामीण क्षेत्रों में लोग अभी भी कोरोना टीकाकरण के प्रति जागरूक नहीं हैं। कई टीकाकरण केंद्रों पर सन्नाटा पसरा है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ना लाजमी है। अब इसके कारणों का पता लगाने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीम यह पता लगाएगी कि गांवों में 45 से ऊपर के कितने लोगों को टीका लगाया गया है और इसका विश्लेषण किया जाएगा. विभाग का मानना है कि कई बार बुजुर्गों और दिव्यांगों को टीकाकरण केंद्र पर आने में परेशानी होती है. ऐसे में जांच के बाद घर-घर जाकर टीकाकरण शुरू किया जाएगा।
क्या है डोर-टू-डोर टीकाकरण
अभी तक ग्रामीण क्षेत्रों में जहां टीका लगाया जा रहा है, वहां टीकाकरण केंद्र आबादी से कुछ दूरी पर हैं। ऐसे में यहां पहुंचने के लिए ग्रामीणों को पैदल चलना पड़ता है। बुजुर्ग और विकलांग इन टीकाकरण केंद्रों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ऐसे लोगों को चिन्हित कर ऐसे स्थानों पर टीकाकरण कैंप लगाएगा जहां ये लोग पहुंच सकें. इसे डोर-टू-डोर टीकाकरण नाम दिया गया है।
एनएचएम ने जारी किया पत्र
एसीएमओ नैनीताल डॉ. रश्मि पंत ने बताया कि डोर-टू-डोर वैक्सीनेशन को लेकर गुरुवार को राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन यानी एनएचएम के सचिव राजेश भूषण द्वारा विभाग को एक पत्र भेजा गया है। जिसमें बुजुर्गों और दिव्यांगों तक टीकाकरण की सुविधा प्रदान करने के लिए घर-घर जाकर टीकाकरण प्रक्रिया अपनाने को कहा गया है। बताया कि जिले के टीकाकरण केंद्रों में ड्यूटी कर रहे कुछ कर्मचारियों को इसके लिए लोगों और जगहों को चिन्हित करने को कहा गया है.

