हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में कोई गड़बड़ी न हो इसके लिए पुलिस ने पूरी तरह कमर कस ली है. राज्य में आचार संहिता लागू होते ही पुलिस कार्रवाई शुरू हो गई थी. चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष कराने के लिए पुलिस विभाग लगातार अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई कर रहा है. पुलिस अब तक 2,000 से ज्यादा अपराधियों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई कर चुकी है. वहीं कई अपराधियों के खिलाफ जिलबदर की कार्रवाई भी हो चुकी है.
एसएसपी नैनीताल पंकज भट्ट ने बताया कि चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस पूरी मुस्तैदी से काम कर रही है. नैनीताल जिले की सीमा पर 13 जगहों पर बैरियर और चेक पोस्ट बनाए गए हैं. यहां सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। जिले में आने वाले सभी लोगों पर 24 घंटे सीसीटीवी कैमरे से नजर रखी जा रही है. इसके अलावा सीमा पर अतिरिक्त बल की व्यवस्था की गई है ताकि जिले में किसी भी तरह का कोई अपराधी प्रवेश न कर सके.
एसएसपी नैनीताल पंकज भट्ट ने कहा कि आदर्श आचार संहिता लागू होने के बाद से पुलिस अपराधियों के खिलाफ लगातार अभियान चला रही है. इसके तहत 51 लोगों के खिलाफ गुंडा एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है. 7 लोगों को जिला बदर किया गया है। इसके अलावा चार लोगों के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई की गई है। 151 अन्य लोगों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। वहीं 2003 के तहत 107/16 के तहत कार्रवाई की गई है।
एसएसपी ने कहा कि नशे के खिलाफ पुलिस का लगातार अभियान भी जारी है. पुलिस ने करीब आठ लाख रुपये की अवैध शराब पकड़ी है. जबकि 60 लाख से अधिक की स्मैक बरामद हुई है। इसके अलावा दो लाख रुपये से अधिक की नकदी भी जब्त की गई है. एसएसपी ने कहा कि शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने के लिए हथियार जब्त करने की भी कार्रवाई की जा रही है.
पंकज भट्ट ने बताया कि जिले में 8,123 लाइसेंसी हथियार हैं. इनमें से करीब 82 फीसदी हथियार जमा करा दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष बनाने के लिए सभी पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि वे काम के दौरान किसी भी तरह की लापरवाही न करें.

