पुरोला , PAHAAD NEWS TEAM
हिमाचल के विकास मॉडल को उत्तराखंड में लाने के लिए राष्ट्रीय लोकनीति पार्टी ने पुरोला से पार्टी का पहला उम्मीदवार रामप्रसाद विशाल को घोषित किया है. इस दौरान पार्टी का उत्तराखंड विजन भी लॉन्च किया गया है। अपने विजन में पार्टी ने हिमाचल की तर्ज पर मजबूत भूमि कानून जैसे कई विकासशील वादे किए हैं।
राष्ट्रीय लोकनीति पार्टी भी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में अपनी किस्मत आजमाने के लिए चुनावी मैदान में उतर चुकी है। पार्टी ने उत्तरकाशी के पुरोला से रामप्रसाद विशाल को अपना उम्मीदवार घोषित किया है। इस दौरान उन्हें अपने विजन में हिमाचल की तर्ज पर भू-कानून लाने, भूमि कटाव संबंधित क्षेत्रों में बसे गांवों को सुरक्षित स्थानों पर विस्थापित करने, उत्तर प्रदेश के समय निर्मित व निर्माणाधीन प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित टिहरी जल विद्युत परियोजना आदि के स्वामित्व का अधिकार उत्तराखंड को दिए जाने की बात रखी है।
इसके अलावा 2300 से अधिक खाली गांवों को आधुनिक बागवानी के तहत 5 साल के भीतर आत्मनिर्भर बनाया जाएगा, ताकि पलायन को रोका जा सके। वहीं, 5 साल के भीतर 1 लाख लोगों को रोजगार देना पार्टी के विजन में शामिल किया गया है. वहीं पार्टी प्रतिनिधियों का कहना है कि आज युवाओं को राजनीति में आना चाहिए और इसी के तहत हमने एक युवा को उम्मीदवार घोषित किया है.

