हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM
जिले में कोविड मरीजों के अलावा फ्रंट लाइन वर्कर्स को आयुष किट बांटे गए हैं. हल्द्वानी के अलावा रामनगर में होम आइसोलेशन में रह रहे कोविड संक्रमित मरीजों को भी किट मुहैया कराई जाएंगी। इसके लिए आयुष रथ को तैयार किया गया है। शहरी विकास मंत्री बंशीधर भगत ने शनिवार को रथ को ऊंचापुल स्थित आवास से रवाना किया।
जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. एमएस गुंज्याल ने बताया कि आयुष रक्षा किट में संशमनी वटी 30 गोली, अश्वगंधा वटी 30 गोली, कूका क्वाथ चूर्ण है इसमें सोंठ, पीपली, कालीमिर्च, मुलेठी, वासा, गिलोय एवं तुलसी आदि शामिल हैं. एक किट का प्रयोग 15 दिनों के लिए इस्तेमाल किया जाना है। डॉ. गुंज्याल ने कहा कि यह दवा रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने का काम करती है। हम इसे पोस्ट कोविड रोगियों के अलावा फ्रंट लाइन वर्कस को भी वितरित कर रहे हैं।
हल्द्वानी और रामनगर में दो आयुष रथों का संचालन शुरू हो गया है। जिले में आयुर्वेदिक और यूनानी कार्यालयों को तीन हजार आयुष रक्षा किट प्राप्त हो चुकी हैं। जिला होम्योपैथिक चिकित्सा अधिकारी डॉ. मीरा हृयांकी ने कहा कि कोविड केयर सेंटर पर सभी फ्रंट लाइन वर्कर और प्रभावित लोगों को होम्योपैथिक दवा वितरित की जाएगी.
भारत सरकार की गाइड लाइन के मुताबिक ये दवाएं कोविड मरीजों को मुफ्त दी जा रही हैं. कैबिनेट मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार आम लोगों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है. कार्यक्रम में डा. पीएस मेहरा, डा. मुकेश आर्य, डा. भावना जोशी, महिपाल सिह भोज, प्रताप बोरा, सुरेश गौड़, नवीन भट्ट, चन्दन पोखरिया, कल्पना बोरा, प्रकाश पटवाल आदि मौजूद थे.

