मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM
धनौल्टी विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी जोत सिंह बिष्ट ने मसूरी में प्रेस वार्ता करते हुए जीत का दावा किया है. उन्होंने कहा कि उन्हें जनता का अपार समर्थन मिला है और वह अपनी जीत को लेकर आश्वस्त हैं. इसका कारण बताते हुए उन्होंने कहा कि उन्होंने लॉकडाउन के दौरान जनता के बीच रहकर जनता की हर संभव मदद की. साथ ही लोगों को कोरोना के प्रति जागरूक भी किया।
उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस करते हुए कहा कि धनौल्टी विधानसभा सीट पर बेरोजगारी सबसे ज्यादा है. इससे क्षेत्र के अधिकतर युवा दूसरे राज्यों में रोजगार करते हैं। लॉकडाउन में जब सभी प्रवासी धनौल्टी लौटे तो उन्हें युवाओं को स्वरोजगार से जोड़ने के लिए केंद्र व राज्य सरकार की स्वरोजगार योजना की भी जानकारी दी गई. उन्होंने कहा कि बेशक भाजपा की राज्य और केंद्र सरकार कोरोना से निपटने और प्रवासियों को रोजगार से जोड़ने में पूरी तरह विफल रही है, लेकिन उन्होंने अपने संसाधनों से लोगों की मदद की.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस देश और राज्य के लिए सबसे अच्छा विकल्प है। भविष्य की बात करें तो उनके पास धनौल्टी के विकास और युवाओं के लिए स्वरोजगार के साधन का रोडमैप है। धनौल्टी की जनता बहुत प्रभावित हुई और यही कारण है कि धनौल्टी के लोगों ने कांग्रेस को वोट दिया है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विधायक और भाजपा के उम्मीदवार 5 साल से क्षेत्र में नजर भी नहीं आए. उन्होंने कहा कि हरीश रावत के खिलाफ अमित शाह द्वारा की गई अभद्र टिप्पणी से प्रदेश की जनता भाजपा से नाराज है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस राज्य में 42 से 48 सीटों पर पूर्ण बहुमत की सरकार बनाने जा रही है.

