देहरादून ,PAHAAD NEWS TEAM
तमिलनाडु के कुन्नूर में हेलीकॉप्टर दुर्घटना में जान गंवाने वाले सीडीएस जनरल बिपिन रावत और सेना के अन्य अधिकारियों को लेकर देश काफी भावुक है. देश के इन वीरों को हर कोई अपनी ओर से श्रद्धांजलि दे रहा है. लेकिन कुछ अराजक तत्व आपत्तिजनक टिप्पणी भी कर रहे हैं. ऐसे लोगों की शामत उत्तराखंड में आने वाली है।
सीडीएस बिपिन रावत को लेकर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक पोस्ट लिखने वालों के खिलाफ उत्तराखंड सरकार सख्त कार्रवाई करेगी। उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने चेतावनी दी है कि ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी ने ट्वीट कर कहा कि यदि राज्य में किसी भी शरारती तत्व ने दिवंगत सैनिकों पर सोशल मीडिया पर या किसी अन्य रूप में कुत्सित मानसिकता दिखाते हुए कोई आपत्तिजनक टिप्पणी की है, तो सरकार उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त दंडात्मक कार्रवाई करे करेगी । बता दें कि हेलीकॉप्टर हादसे में मारे गए सीडीएस बिपिन रावत मूल रूप से उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल के रहने वाले थे.
सीएम धामी ने अपने ट्विटर हैंडल पर एक और ट्वीट करते हुए लिखा है कि हमारे जवानों का सम्मान सर्वोच्च है. स्वर्गीय जनरल बिपिन रावत हमेशा उत्तराखंड की शान रहेंगे।

