हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM

सुशीला तिवारी अस्पताल (एसटीएच) में सोमवार रात हुए हंगामे के बाद पुलिस ने डॉक्टरों व तीमारदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. सोमवार देर रात अस्पताल में तीमारदारों और डॉक्टरों के बीच मारपीट हुई थी। डहरिया निवासी योगेश ने आरोप लगाया था कि वह अपने पिता के इलाज के लिए आपातकालीन वार्ड में गया था। जहां ड्यूटी पर तैनात डाक्टर ने अभद्रता करनी शुरू कर दी । विरोध करने पर उसे और उसके दोस्तों को बंधक बना लिया और मारपीट की। जिसमें उसके दो दोस्त घायल हो गए।

कोतवाली प्रभारी मनोज रतूड़ी ने बताया कि योगेश की तहरीर पर अज्ञात डॉक्टरों के खिलाफ मारपीट, हमला, गालीगलौच की धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है. वहीं सामान्य चिकित्सा विभाग के निवासी डा. नवीन सेमवाल की तहरीर पर 15 से 20 अज्ञात तीमारदारों के खिलाफ उपद्रव, शासकीय कार्य में बाधा, अभद्रता व जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया गया है.

एसटीएच में तैनात पीएसी व बज्र वाहन

एसटीएच में बवाल और हंगामे के बाद जिला प्रशासन की ओर से एक प्लाटून पीएसी तैनात कर दी गई है. मंगलवार को दिनभर परिसर में पीएसी के जवान तैनात रहे। वहीं, आपात स्थिति से निपटने के लिए परिसर में बज्र की एक गाड़ी भी तैनात की गई थी.