चमोली , PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड के चमोली जिले की मलारी घाटी के बाड़ाहोती चरागाह में एक बार फिर चीनी सैनिकों के देखे जाने की चर्चा है. बताया जा रहा है कि 30 अगस्त को चीनी सैनिक इस चरागाह में घुसे और करीब तीन घंटे बाद वापस लौटे। इनमें से कुछ सैनिक घोड़ों पर सवार भी थे। इस दौरान उन्होंने भेड़ पालकों के लिए होती नदी पर बनी अस्थाई पुलिया को भी तोड़ दिया। चमोली के जिलाधिकारी हिमांशु खुराना ने इस पर टिप्पणी करने से इनकार कर दिया, जबकि पुलिस अधीक्षक यशवंत सिंह चौहान ने कहा कि बाड़ाहोती इलाके में पुलिस तंत्र नहीं है. इसलिए उन्हें इसकी जानकारी नहीं है।

पूर्वी लद्दाख में वास्तविक नियंत्रण रेखा (LAC) पर चीनी सैनिकों द्वारा टेंट लगाने की खबरों के बीच उत्तराखंड में भी सीमा पर चीनी सैनिकों की गतिविधि रही है। इस साल जुलाई में बाड़ाहोती के पास सीमा पर चीनी सेना की एक प्लाटून देखी गई थी. बाड़ाहोती में इन दिनों भेड़ पालक मौजूद हैं। बताया जा रहा है कि पिछले महीने करीब 60 से 70 चीनी सैनिक चरागाह में घुसे और काफी देर तक घूमते रहे. उनकी वापसी के बाद, भेड़ चरवाहों ने रिमखिम स्थित आइटीबीपी की चौकी में इसकी सूचना दी । इसके बाद आईटीबीपी के जवानों ने बाड़ाहोती का जायजा भी लिया। उधर, अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृह) आनंद वर्द्धन ने कहा कि उन्हें अभी तक ऐसी कोई सूचना नहीं मिली है.

उत्तराखंड में चीन से लगी 345 किलोमीटर लंबी सीमा बेहद संवेदनशील मानी जाती है। इसमें से 100 किमी लंबी सीमा चमोली जिले में है। चीनी सेना पहले भी कई बार बाड़ाहोती पर अतिक्रमण कर चुकी है। चीनी सेना की गतिविधियों पर सेना और भारत-तिब्बत सीमा पुलिस बल द्वारा कड़ी नजर रखी जाती है। पिछले साल लद्दाख में चीन के साथ तनाव के बाद उत्तराखंड से लगी सीमा पर जवानों की संख्या भी बढ़ा दी गई है.