देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

केदारनाथ आपदा के बाद पुनर्निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले कर्नल अजय कोठियाल के प्रयासों से मिनी मिलिट्री अस्पताल जनता को समर्पित किया गया है. बता दें कि प्रदेश में कोरोना महामारी के साथ-साथ ब्लैक फंगस के मरीजों का मिलना भी निरंतर जारी है. ऐसे में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं वाला मिनी मिलिट्री अस्पताल शुरू किया गया है. ताकि इस संक्रमण काल में गरीब लोगों का इलाज नि:शुल्क किया जा सके।

सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल ने उत्तराखंड के लोगों को कोरोना महामारी से लड़ने के लिए सभी सुविधाओं से युक्त 20 बिस्तरों वाला मिनी मिलिट्री अस्पताल समर्पित किया है। इसमें मरीजों का पूरा इलाज नि:शुल्क किया जाएगा। कर्नल अजय कोठियाल और उनकी संस्था यूथ फाउंडेशन की ओर से इस अस्पताल को तैयार करने के लिए युद्धस्तर पर काम किया गया। यह अस्पताल देहरादून के शिमला बाईपास रोड इलाके में बनाया गया है।

सरकार से अनुमति मिल गई है

कर्नल अजय कोठियाल का कहना है कि आज कोरोना महामारी के खिलाफ लड़ाई में सभी को आगे आने की जरूरत है. उन्होंने कहा कि इसी संकल्प के साथ उन्हें इस अस्पताल को बनाने का हौसला आया | उन्होंने अस्पताल की विशेषता बताते हुए कहा कि इस अस्पताल को सेना के मानकों के अनुरूप तैयार किया गया है. इसके साथ ही इस अस्पताल में विशेषज्ञ डॉक्टरों के साथ कुशल मेडिकल स्टाफ की टीम भी तैनाती रहेगी । जानकारी के मुताबिक अस्पताल के संबंध में उत्तराखंड प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग की ओर से आवश्यक अनुमति दे दी गई है.