देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
कोरोना की दूसरी लहर के बीच जारी कोविड कर्फ्यू के दौरान लोग अपने घरों में कैद हैं. उधर, इस खतरनाक दौर में भी गैस एजेंसी संचालक और डिलीवरी ब्वॉय लगातार लोगों के घरों तक गैस सिलेंडर पहुंचाने में लगे हुए हैं. ऐसे में कोरोना संक्रमण के खतरे को देखते हुए गैस एजेंसी संचालक और गैस डिलीवरी ब्वॉय सरकार से प्राथमिकता के आधार पर वैक्सीनेशन किए जाने की मांग उठा रहे हैं.
PAHAAD NEWS TEAM के संवाददाता से बातचीत में गैस एजेंसी के निदेशक संजय मारवा ने कहा कि कोविड कर्फ्यू के दौर में एक भी दिन ऐसा नहीं है जब वह और उनके अन्य कर्मचारी एजेंसी में नहीं आए. खासकर अगर बात डिलीवरी बॉय की हो तो हर दिन डिलीवरी बॉय लोगों के घर जाकर गैस सिलेंडर बांट रहा है. ऐसे में गैस एजेंसी के कर्मचारियों और डिलीवरी बॉय में कोरोना संक्रमण का खतरा काफी बढ़ जाता है. इसे देखते हुए सरकार को प्राथमिकता के आधार पर गैस एजेंसी के कर्मचारियों और गैस डिलीवरी बॉय का कोरोना टीकाकरण कराना चाहिए.
शिविर लगाकर टीकाकरण कराने की मांग
गैस डिलीवरी मैन रमेश का कहना है कि हर दिन लोगों के घरों तक गैस सिलेंडर पहुंचाने के लिए वह विभिन्न घरों का रुख करते हैं, हालांकि खुद को कोरोना संक्रमण से सुरक्षित रखने के लिए निरंतर सैनिटाइजर और मास्क का इस्तेमाल करते हैं. लेकिन इसके बावजूद संक्रमण का डर बना रहता है. ऐसे में सरकार को गैस एजेंसी के कर्मचारियों के लिए अलग से व्यवस्था करनी चाहिए. वहीं अन्य क्षेत्रों के कोरोना योद्धाओं का कैंप लगाकर टीकाकरण किया जा रहा है, इसी तरह गैस एजेंसी के कर्मचारियों के लिए भी कैंप लगाए जाएं.
जिलाधिकारियों को भेजा पत्र
गैस एजेंसी के कर्मचारियों और डिलीवरी मैन की समस्या को लेकर आयुक्त खाद्य नागरिक आपूर्ति सुशील कुमार ने बताया कि उनकी ओर से गैस एजेंसी स्टाफ और डिलीवरी मैन के वैक्सीनेशन को लेकर प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजा गया है. ऐसे में उम्मीद की जा सकती है कि जल्द ही जिलाधिकारी अपने स्तर से गैस एजेंसी के कर्मचारियों और डिलीवरी मैन के टीकाकरण की व्यवस्था करेंगे.

