देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

राजधानी देहरादून के सिल्वर सिटी मल्टीप्लेक्स में शुक्रवार से 3 दिवसीय देहरादून अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की शुरुआत हो गई है, जिसका उद्घाटन देर शाम मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने किया. इस फिल्म महोत्सव में दर्शकों को लघु फिल्में, वृत्तचित्र और फीचर फिल्में आदि दिखाई जा रही हैं। साथ ही स्थानीय प्रतिभाओं को भी उनके द्वारा तैयार की गई लघु फिल्मों को दिखाने का मौका दिया जा रहा है।

देहरादून अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के आयोजक राजेश शर्मा ने कहा कि देहरादून अंतर्राष्ट्रीय फिल्म महोत्सव के आयोजन का मुख्य उद्देश्य उत्तराखंड की फिल्म प्रतिभा को बढ़ावा देना है। यही वजह है कि पिछले कई सालों से आयोजित हो रहे इस फिल्म फेस्टिवल में हर साल बॉलीवुड सेलेब्रिटीज और बॉलीवुड फिल्ममेकर्स डायरेक्टर्स को भी इनवाइट किया जाता है। इस साल भी विंदू दारा सिंह, अखिलेश मिश्रा, विनय पाठक, गजेंद्र सिंह चौहान, आरुषि निशंक और विक्टर बैनर्जी जैसे फिल्म जगत के कई जाने-माने कलाकारों ने इस फिल्म महोत्सव में हिस्सा लिया है. ये उन युवाओं को प्रेरित करेंगे जो राज्य की फिल्मी दुनिया से जुड़ना चाहते हैं।

वहीं कार्यक्रम का शुभारंभ करने पहुंचे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी देहरादून अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव की सराहना की. उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन से उत्तराखंड की युवा प्रतिभाओं को फिल्मी दुनिया को और करीब से जानने का मौका मिलेगा।