देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड सरकार के मंत्री बंशीधर भगत शुक्रवार की रात को बिजली आपूर्ति सुचारु नहीं होने से आक्रोशित ग्रामीणों के साथ धरने पर खुद बैठ गए थे . इधर राजधानी देहरादून में भी इसी अंदाज में धर्मपुर के विधायक विनोद चमोली भी अपने आवास के बाहर प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ सड़क पर धरने पर बैठ गए. लेकिन धरने में शामिल युवक के ताने से विधायक विनोद चमोली नाराज हो गए. विधायक ने इलाके में अब तक किए गए सभी कामों को गिनाते हुए प्रदर्शन कर रहे लोगों को जमकर फटकार लगाई. विधायक विनोद चमोली इससे पहले तीन बार नगर निगम देहरादून के मेयर रह चुके हैं।
नाराज विधायक ने कहा कि मैं नहीं चाहता तो आप लोग आज भी गांव की तरह रहते, नगर निगम में नहीं. मैंने आपके क्षेत्र को नगर निगम में शामिल करवाया ।
विधायक ने कहा कि आप मेरे घर आकर मेरा अपमान करते हो । गलती की, चुनाव लड़ा। अब नहीं लड़ेंगे। विधायक ने तो यहां तक कह दिया कि अब भाड़ में जाए तुम्हारा टिकट और तुम्हारा चुनाव । हमने बहुत बड़ी गलती की है जो तुम लोगों के बीच राजनीति कर ली । आप लोग किसी को पनपने नहीं देंगे।
दरअसल, ये सभी लोग विनोद चमोली की विधानसभा धर्मपुर के ऋषिविहार के रहने वाले थे. उन्होंने आरोप लगाया कि इलाके में सड़कों से लेकर नालियों का बुरा हाल है , लेकिन विधायक ने आज तक इलाके की सुध नहीं ली. ऋषिविहार में नाले का पूरा पानी सड़क पर बह रहा है, कोई देखने वाला नहीं है. इस पर विधायक ने लोगों से कहा कि नाले का इलाज मुख्यमंत्री की घोषणा है. सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं, केवल जीओ जारी किया जाना बाकी है। यह भी अगले 15 दिनों में कर लिया जाएगा, लेकिन लोग नहीं माने और घर के बाहर सड़क पर बैठ गए। इससे विधायक नाराज हो गए। उन्होंने कहा कि इसके अलावा कोई और रास्ता हो तो लोगों को बताना चाहिए.
हालांकि चुनाव नजदीक आने के साथ ही बीजेपी विधायकों पर जनता का दबाव अब बढ़ता जा रहा है. लोग अब पूछ रहे हैं कि पिछले चुनाव में किए गए वादे का क्या हुआ.

