देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
धामी सरकार में हैवीवेट मंत्रालय मिलने के बाद कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत दिल्ली पहुंच गए हैं. वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिल सकते हैं। हालांकि इस बार वो किसी नाराजगी के चलते नहीं बल्कि केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर उनका धन्यवाद दे सकते हैं ।
हरक सिंह रावत वही हैं, जो पुष्कर सिंह धामी को 2 दिन पहले तक मुख्यमंत्री बनाए जाने पर नाराजगी जता रहे थे, अब वे धामी के संकटमोचक बन गए हैं. दरअसल, उत्तराखंड की राजनीति में अगर कोई सबसे ज्यादा गुस्सा और तख्तापलट करने वाला राजनेता है तो वो हैं हरक सिंह रावत और शायद यही वजह है कि धामी ने मुख्यमंत्री बनने के बाद सबसे पहले उन्हें डिनर डिप्लोमेसी टेबल पर बुलाया.
तीरथ को रिप्लेस कर मुख्यमंत्री बने पुष्कर सिंह धामी की कैबिनेट में हरक सिंह रावत को वन, पर्यावरण संरक्षण एवं जलवायु परिवर्तन, श्रम, कौशल विकास एवं सेवायोजन, आयुष एवं आयुष शिक्षा तथा ऊर्जा विभाग मिला है। मुख्यमंत्री के साथ भोजन के बाद और विभागों के बंटवारे के बाद अब हरक सिंह रावत बिल्कुल अलग अंदाज में नजर आ रहे हैं. वह न सिर्फ धामी की तारीफ कर रहे हैं अब उनके संकटमोचक बनकर दिल्ली की दौड़ भी कर रहे हैं .
दरअसल, हरक सिंह रावत पिछली तीरथ और त्रिवेंद्र रावत सरकारों में अपने विभागों से इतने खुश नहीं रहे हैं। वह अपनी नाराजगी जाहिर करने के लिए समय-समय पर आलाकमान तक पहुंच जाते थे। हालांकि हरक त्रिवेंद्र को पद से हटाए जाने के बाद खुश थे, लेकिन खुद को हमेशा सीएम की दौड़ में देखने वाले हरक को तीरथ कैबिनेट में भी वांछित विभाग नहीं मिले।
अब धामी सरकार में विभाग के बंटवारे के बाद हरक सिंह रावत इतने खुश हुए कि वे देहरादून से सीधे दिल्ली के लिए रवाना हो गए। बताया जा रहा है कि वह केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे और यह मुलाकात नाराजगी जताने के लिए नहीं बल्कि धन्यवाद व्यक्त करने के लिए है.

