देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

 उत्तराखंड की पांचवीं विधानसभा के लिए प्रचार शनिवार शाम 6 बजे खत्म हो गया है. अब सोमवार 14 फरवरी को मतदान का इंतजार है। शनिवार को प्रचार बंद होने से पहले पीएम नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ, कांग्रेस नेता प्रियंका गांधी, सचिन पायलट, दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया समेत कई दिग्गज चुनावी मैदान में चुनाव प्रचार करते दिखे. .

8 जनवरी को चुनाव आयोग ने उत्तराखंड समेत पांच राज्यों के लिए चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की थी। उत्तराखंड में मतदान सोमवार 14 फरवरी को होना है। आयोग की गाइडलाइंस के मुताबिक मतदान खत्म होने से 48 घंटे पहले चुनाव प्रचार खत्म हो जाता है। चूंकि उत्तराखंड में सोमवार शाम छह बजे तक मतदान होगा, इसलिए यहां प्रचार शनिवार शाम छह बजे समाप्त हो गया. अब कोई भी दल या प्रत्याशी रैली, जनसभा या किसी अन्य माध्यम से प्रचार नहीं कर सकेगा। हालांकि मतदाताओं से घर-घर जाकर संपर्क किया जा सकता है।

मतदान दलों का प्रस्थान तेज

शनिवार को राज्य के 1442 मतदान दल भी रवाना हुए, इससे पहले शुक्रवार को भी 35 दल रवाना हुए थे. उपरोक्त सभी पार्टियां रास्ते में रात भर ठहरने का एक पड़ाव पूरा करते हुए रविवार को अपने गंतव्य पर पहुंचेंगी। इसके बाद आज रविवार को सबसे ज्यादा 10222 पार्टियां रवाना होंगी। मतदान के बाद मतदान दलों की वापसी भी इसी क्रम में होगी। गौरतलब है कि राज्य के कई मतदान केंद्रों तक पहुंचने के लिए मतदान दलों को 10 से 20 किलोमीटर पैदल चलना पड़ता है. जिला मुख्यालय और मतदान केंद्र की पैदल दूरी के अनुसार चुनाव आयोग मतदान दलों को रवाना करता है.