हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM

लालकुआं सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने मतदान केंद्र पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया. इस मौके पर हरीश रावत ने जीत का दावा किया। उन्होंने कहा कि पूरे राज्य में कांग्रेस के पक्ष में लहर है और उत्तराखंड में बदलाव की हवा चल रही है.

हरीश रावत ने कहा कि मुद्दा जनकल्याण, उत्तराखंडी विकास, महंगाई, बेरोजगारी और कुशासन का है. जिसका खामियाजा जनता को भुगतना पड़ रहा है। भाजपा के कुशासन के कारण आज लोग मतदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा ने दर्जनों स्टार प्रचारकों को मैदान में उतारा है क्योंकि उन्होंने राज्य में कोई काम नहीं किया है. उनके स्टार प्रचारकों ने मुद्दों पर बात करने के बजाय व्यक्तिगत मामलों पर अधिक ध्यान दिया। हरदा ने कहा कि उन्हें पूरा विश्वास है कि राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने जा रही है और कांग्रेस भारी बहुमत से चुनाव जीतेगी.

बता दें कि उत्तराखंड की सभी 70 विधानसभा सीटों पर मतदान हो रहा है. इस बार कुल 632 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिनके भाग्य का फैसला 82,66,644 मतदाता करेंगे. जिसमें कुल 42,38,890 पुरुष और 39,32,995 महिलाओं के साथ 40 अन्य मतदाता शामिल हैं. इसके अलावा इसमें 94,471 सर्विस वोटर भी हैं। जबकि राज्य में कुल 11,697 मतदान केंद्र बनाए गए हैं. जिसकी सुरक्षा व्यवस्था 50 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मियों को सौंपी गई है. इसके अलावा संवेदनशील केंद्रों के लिए रिजर्व फोर्स भी रखी गई है।