देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में विधानसभा चुनाव के लिए मतदान सोमवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया. पिछली बार की तुलना में इस बार 62.05 प्रतिशत मतदान हुआ। ऐसे में राजनीतिक दलों में उत्साह देखने को मिल रहा है. कांग्रेस वोटिंग को अपने पक्ष में बता रही है। तो वहीं बीजेपी का कहना है कि उत्तराखंड की जनता ने मोदी को वोट दिया है. तो वही आम आदमी पार्टी ने भी जनता का आभार जताया है.

उत्तराखंड कांग्रेस के मीडिया प्रभारी राजीव महर्षि ने PAHAAD NEWS से बातचीत में कहा कि वह इस पूर्ण मतदान के लिए उत्तराखंड की जनता को धन्यवाद दे रहे हैं. निश्चित रूप से ये बदलाव के संदेश हैं जो 10 मार्च को स्पष्ट हो जाएंगे।

वहीं बीजेपी ने इसे उत्तराखंड को बचाने और उत्तराखंड को सुरक्षित रखने के लिए लोगों द्वारा दिखाया गया उत्साह करार दिया है. बीजेपी के प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र भसीन ने कहा है कि उत्तराखंड की जनता बीजेपी और मोदी जी से बहुत लगाव करती है और लोगों ने मोदी को वोट दिया है.

प्रदेश कांग्रेस प्रवक्ता गरिमा दसौनी का कहना है कि यह बहुत खुशी की बात है कि राज्य में मतदान का प्रतिशत अच्छा रहा है. यह कांग्रेस के लिए शुभ संकेत है। उन्होंने कहा कि साल 2012 में भी कांग्रेस की सरकार बनने पर 66 फीसदी मतदान हुआ था. इस बार फिर वोटिंग काफी ज्यादा देखने को मिल रही है. हमारे उम्मीदवार अपना संदेश जनता तक पहुंचाने में सफल रहे हैं।

वहीं आम आदमी पार्टी के नेता और सीएम उम्मीदवार कर्नल कोठियाल ने भी राज्य की जनता का आभार जताया है. उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व पर लोगों ने अपने मत का भरपूर उपयोग किया है. प्रदेश की सभी विधानसभाओं में लोगों में उत्साह का माहौल रहा, जिससे वोट प्रतिशत अच्छा रहा।