देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर राज्य के 13 जिलों की 70 सीटों पर मतदान हो रहा है. 70 विधानसभा सीटों के लिए मतदाता 632 उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला कर रहे हैं। उत्तराखंड में मुख्य मुकाबला भाजपा और कांग्रेस के बीच है। लेकिन, कुछ सीटों पर आम आदमी पार्टी और अन्य क्षेत्रीय दल मुकाबले को त्रिकोणीय बना सकते हैं। इन हाई प्रोफाइल सीटों पर कहीं दिग्गज नेताओं की साख दांव पर है तो कहीं कड़ा मुकाबला है .

बीजेपी ने 2022 के चुनाव के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत उनके सभी कैबिनेट मंत्रियों को टिकट दिया है. इनमें श्रीनगर से धनसिंह रावत, नरेंद्रनगर से सुबोध उनियाल, मसूरी से गणेश जोशी, हरिद्वार ग्रामीण से स्वामी यतीश्वरानंद, कालाढूंगी से बंशीधर भगत, गदरपुर से अरविंद पांडे, सोमेश्वर से रेखा आर्य, चौबट्टाखाल से सतपाल महाराज के नाम प्रमुख हैं । इसके साथ ही भाजपा ने हरिद्वार से प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक को भी टिकट दिया है। इसके अलावा ऋषिकेश से स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल और रायपुर सीट से चर्चित विधायक उमेश काऊ भी उन उम्मीदवारों में शामिल हैं, जो चर्चा में हैं.

बीजेपी के कुछ और नाम हैं खास: रुद्रपुर सीट बीजेपी के लिए प्रतिष्ठा का सवाल बन गई है. यहां बीजेपी ने जिलाध्यक्ष शिव अरोड़ा को अपना उम्मीदवार बनाया है. वहीं टिहरी सीट से कांग्रेस से बगावत कर बीजेपी में आए किशोर उपाध्याय को बीजेपी ने टिकट दिया है. वहीं, नैनीताल सीट से कांग्रेस की ओर से आई सरिता आर्य भाजपा की उम्मीदवार हैं। डोईवाला सीट से बृजमोहन गैरोला , कोटद्वार से रितु खंडूरी, जो हरक सिंह रावत की सीट थी, डीडीहाट से बिशन सिंह चुफाल भी भाजपा उम्मीदवार हैं, जिन पर लोगों की निगाहें टिकी हुई हैं.

मैदान में हैं कांग्रेस के ये प्रमुख नाम: सबसे पहले सभी की निगाहें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत पर टिकी हैं, जिनकी सीट इस बार रामनगर से बदलकर लालकुआं कर दी गई है. तब कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल श्रीनगर से चुनाव लड़ रहे हैं। जबकि चकराता से नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह कांग्रेस के हाई प्रोफाइल उम्मीदवार हैं। इन उम्मीदवारों के अलावा रावत की बेटी और महिला कांग्रेस महासचिव अनुपमा रावत हरिद्वार ग्रामीण से मैदान में हैं.

कांग्रेस के ये चेहरे हैं निशाने पर: बीजेपी से कुछ समय पहले कांग्रेस में शामिल हुए कुछ चेहरों को भी कांग्रेस पार्टी ने टिकट दिया था. इनमें टिहरी सीट से मौजूदा विधायक धन सिंह नेगी, लैंसडाउन सीट से भाजपा सरकार में मंत्री रहे हरक सिंह रावत की बहू अनुकृति, बाजपुर सीट से यशपाल आर्य, नैनीताल सीट पर उनके बेटे संजीव आर्य को कांग्रेस ने टिकट दिए थे . इनके अलावा हल्द्वानी से इंदिरा हृदयेश के बेटे सुमित और किच्छा से तिलकराज बेहड़, जागेश्वर से गोविंद सिंह कुंजवाल, सल्ट से रणजीत रावत जैसे कुछ और दिग्गजों पर भी नजर है.

आम आदमी पार्टी के खास चेहरे गंगोत्री सीट से पार्टी का मुख्यमंत्री पद का चेहरा सेवानिवृत्त कर्नल अजय कोठियाल मैदान में हैं. आप के विशेष चेहरों में यमुनोत्री से मनोज शाह, कालाढूंगी से मंजू तिवारी, रुद्रपुर से नंदलाल, जागेश्वर से तारादत्त पांडे, भीमताल से सागर पांडे, नैनीताल से भुवन आर्य, गदरपुर से जरनैल सिंह काली और किच्छा से कुलवंत सिंह शामिल हैं।

बसपा और अन्य में भी कुछ नाम खास: इस बार बसपा ने उत्तराखंड में किसी महिला उम्मीदवार को टिकट नहीं दिया है. हरिद्वार जिले में बसपा का आधार अधिक माना जाता है और उसने जिले की 11 में से 8 सीटों पर उम्मीदवार खड़े किए हैं. इनमें ज्वालापुर सीट से पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शीशपाल सिंह उम्मीदवार हैं. इसके अलावा रुद्रपुर सीट से निर्दलीय चुनाव लड़ रहे राजकुमार ठुकराल इस सीट से विधायक रह चुके हैं और उन्होंने भाजपा से बगावत कर दी है।