पिथौरागढ़ , PAHAAD NEWS TEAM
पिथौरागढ़ जिले में गहराते ऑक्सीजन संकट के बीच में एक राहत भरी खबर है। स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में कुमाऊं की पहली वायु से ऑक्सीजन बनाने वाली डिजिटल ऑक्सीजन जनरेशन मशीन (मिनी ऑक्सीजन संयंत्र) लगाई गई है। 20 लीटर क्षमता की इस मशीन के लगने से कोरोना के मरीजों को ऑक्सीजन का स्तर कम होने पर भी उन्हें अब हायर सेंटर नहीं भेजना पड़ेगा। इस मशीन के लगने से सीमांत क्षेत्र में कोरोना काल में सिलेंडर भरने या बड़ा ऑक्सीजन प्लांट लगाने की समस्या का समाधान हो गया है.
कोरोना संक्रमण के बढ़ते प्रभाव और वायरस के कारण मरीजों को हो रही प्राणदायक वायु की कमी को देखते हुए क्षेत्रीय विधायक व प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री विशन सिंह चुफाल के अनुरोध पर राज्यसभा सांसद अनिल बलूनी द्वारा डीडीहाट के लिए हवा से ऑक्सीजन बनाने वाली डिजिटल ऑक्सीजन जनरेशन मशीन भेजी गई । मंगलवार को स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में काबीना मंत्री चुफाल ने मशीन का विधिवत शुभारंभ किया । 20 लीटर क्षमता की इस मशीन में एक साथ 20 मरीजों को ऑक्सीजन दी जा सकती है।
यह मशीन भारत के कुछ ही अस्पतालों में उपलब्ध है। यह अपने आप में एक छोटा ऑक्सीजन प्लांट है। इस मशीन के साथ पांच छोटे कंसंट्रेटर भी दिए गए हैं। इसके साथ ही सीएचसी डीडीहाट के 25 बेड ऑक्सीजन से जुड़ जाएंगे। काबीना मंत्री चुफाल ने सांसद बलूनी को धन्यवाद देते हुए कहा कि अब यह कंसंट्रेटर मशीन डीडीहाट क्षेत्र के लोगों के लिए कोरोना के बाद भी काफी मददगार साबित होगी. उन्होंने सीमावर्ती क्षेत्र के लिए चिंता दिखाने और यहां के लोगों के प्रति स्नेह दिखाने के लिए सांसद को धन्यवाद दिया.
18 से 44 वर्ष की आयु का टीकाकरण शुरू
जिला मुख्यालय के बाद अब डीडीहाट में भी 18 से 44 वर्ष के बीच के लोगों का कोविड टीकाकरण शुरू हो गया है। मंगलवार को काबीना मंत्री विशन सिंह चुफाल ने स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में टीकाकरण का शुभारंभ किया। उन्होंने लोगों से कोविड दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए वैक्सीन लगाने की अपील की।

