देहरादून , पहाड़ न्यूज टीम

राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनी) ने हिंदी पत्रकारिता दिवस पर मीडिया प्रतिनिधियों और हिंदी पत्रकारिता से जुड़े सभी लोगों को बधाई दी है. राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेनी) ने अपने संदेश में कहा कि हिंदी पत्रकारिता ने राष्ट्रभाषा हिंदी को पूरे देश में प्रचारित और प्रसारित कर राष्ट्र और समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। यह गर्व की बात है कि 30 मई, 1826 को पंडित युगल किशोर शुक्ल ने प्रथम हिंदी समाचार पत्र उदन्त मार्तण्ड का प्रकाशन प्रारंभ किया था । उन्होंने कहा कि पत्रकार सैनिकों की तरह देश के सच्चे पहरेदार होते हैं, देश के अंदर फैली बुराइयों को मिटाकर पत्रकार राष्ट्र निर्माण में अपना अहम योगदान देते हैं।

वहीं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी सभी मीडिया प्रतिनिधियों को हिंदी पत्रकारिता दिवस की बधाई दी है. मुख्यमंत्री ने हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर जारी अपने संदेश में कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में पत्रकारिता देश के राजनीतिक, आर्थिक, सामाजिक, सांस्कृतिक आदि विभिन्न क्षेत्रों में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है. हिंदी पत्रकारिता ने स्वतंत्रता आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। हिंदी समाचार पत्रों और पत्रिकाओं ने भी समाज में जन जागरूकता फैलाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने कहा कि आधुनिक सूचना प्रौद्योगिकी और सोशल मीडिया के वर्तमान युग में हिंदी पत्रकारिता के सामने नई चुनौतियों के साथ-साथ इसकी प्रासंगिकता भी बढ़ी है।