विकासनगर , PAHAAD NEWS TEAM

नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह को ‘इंडियन फेडरेशन ऑफ यूनाइटेड नेशंस’ अवॉर्ड से नवाजा गया है. नेता प्रतिपक्ष को ये सम्मान मिलने के बाद कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह है। वहीं, पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद प्रीतम सिंह ने इंडियन फेडरेशन ऑफ यूनाइटेड नेशंस (IFUNA) संगठन के प्रति आभार व्यक्त किया है।

चंडीगढ़ में आयोजित एक समारोह में प्रीतम सिंह को इस पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। हर साल इंडियन फेडरेशन ऑफ यूनाइटेड नेशंस (IFUNA) समाज सेवा में उत्कृष्ट कार्य करने वालों को सम्मानित करता है। पिछले साल स्टार क्रिकेटर हरभजन सिंह को संस्था की ओर से इस अवॉर्ड से नवाजा गया था. पुरस्कार से सम्मानित होने के बाद प्रीतम सिंह ने संगठन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वह इस सम्मान को उत्तराखंड कांग्रेस के हर कार्यकर्ता को समर्पित करते हैं.

उन्होंने कहा कि कांग्रेस कार्यकर्ता इस सम्मान के पात्र हैं, जिन्होंने कोरोना महामारी के दौरान अपनी जान की परवाह किए बिना दिन-रात जरूरतमंद लोगों की मदद की। दूर-दराज के ग्रामीण इलाकों में गांव-गांव पहुंचकर उन्होंने लोगों की हर संभव मदद की. उन्होंने कहा कि आज संगठन द्वारा दिया गया सम्मान कांग्रेस कार्यकर्ताओं के उच्च समर्पण और सेवा भावना की उपज है।

समारोह के दौरान इंडियन फेडरेशन ऑफ यूनाइटेड नेशंस संगठन ने प्रीतम सिंह की खूब सराहना की। संगठन की ओर से दिए गए सम्मान पत्र में कहा गया है कि कोरोना महामारी के दौरान नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह को उनके उत्कृष्ट कार्य और जनसेवा के लिए पुरस्कृत किया गया है. प्रयास काबिले तारीफ है। उन्होंने राज्य के नागरिकों को भोजन, स्वच्छ पानी, कपड़े, दवाएं, मास्क और सैनिटाइज़र के वितरण में सराहनीय योगदान दिया है।

कोरोना काल में जनसेवा के लिए मिला पुरस्कार प्रीतम सिंह के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। प्रीतम सिंह राज्य के पहले राजनेता हैं, जिन्हें इस सम्मान से नवाजा गया है।