देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

अल्मोड़ा जिले की सल्ट सीट से नवनिर्वाचित विधायक महेश जीना गुरुवार को विधान सभा के सदस्य बन गए। स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने उन्हें विधानसभा स्थित अपने कार्यालय कक्ष में पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई.

इस अवसर पर मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, कैबिनेट मंत्री बंशीधर भगत, सतपाल महाराज, गणेश जोशी और स्वतंत्र प्रभार राज्य मंत्री डॉ धन सिंह रावत सहित उपस्थित विधायकों ने महेश जीना को बधाई दी.

सल्ट सीट पर हुए उपचुनाव में महेश जीना 2 मई को निर्वाचित घोषित हुए थे। उन्होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी कांग्रेस प्रत्याशी गंगा पंचोली को 4697 मतों के अंतर से हराया। यह सीट उनके भाई सुरेंद्र सिंह जीना के निधन से खाली हुई थी। विधानसभा में एक सादे समारोह में स्पीकर प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि महेश जीना शपथ ग्रहण के बाद सदन की कार्यवाही के लिए अधिकृत हो गए है. उन्होंने उम्मीद जताई कि नवनिर्वाचित विधायक जनता की उम्मीदों पर खरे उतरेंगे। मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि महेश जीना स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना के अधूरे कार्यों और सल्ट क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के सपने को साकार करने में अहम भूमिका निभाएंगे. सरकार सल्ट का तेजी से विकास करने के लिए कृतसंकल्प है। इस मौके पर विधायक महेश जीना ने कहा कि उनकी जीत बीजेपी की जीत है. उन्हें जिताने में पार्टी की बड़ी भूमिका रही है।

भाई स्वर्गीय सुरेंद्र सिंह जीना को याद करते हुए उन्होंने कहा कि उनके सड़कों व पेयजल से जुड़े अधूरे प्रोजेक्ट को वह पूरा करेंगे। महेश जीना ने कहा कि विधानसभा क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति में सुधार करते हुए घर-घर नल और पानी पहुंचाना उनकी प्राथमिकता होगी. कार्यक्रम में विधायक हरबंस कपूर, दिलीप रावत, खजान दास, उमेश शर्मा काउ, राजकुमार ठुकराल और भाजपा नेता पुनीत मित्तल और अनिल गोयल मौजूद थे.