देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
अल्मोड़ा जिले के अंतर्गत आने वाली विधानसभा की सल्ट सीट पर हुए उपचुनाव में निर्वाचित विधायक महेश जीना 27 मई को विधायक के रूप में शपथ लेंगे. विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल उन्हें शपथ दिलाएंगे. भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह जीना के निधन से विधानसभा की सल्ट सीट खाली हो गई थी। इस सीट पर हाल ही में हुए उपचुनाव में बीजेपी ने दिवंगत विधायक जीना के भाई महेश जीना को मैदान में उतारा और वे जीत गए. विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल ने कहा कि बीजेपी के टिकट पर जीते महेश जीना 27 मई को विधानसभा में विधायक के तौर पर शपथ लेंगे.
इस बीच देहरादून पहुंचे नवनिर्वाचित विधायक महेश जीना ने मंगलवार को सचिवालय में मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से शिष्टाचार भेंट की. इस दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री का ध्यान क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की ओर दिलाया. मुख्यमंत्री ने समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी कदम उठाने का आश्वासन दिया।
विधायकों से मांगे जा रहे हैं सवाल आगामी सत्र के लिए
विधानसभा के आगामी सत्र के लिए विधायकों से ऑनलाइन और ऑफलाइन प्रश्न मांगे जा रहे हैं। विधानसभा अध्यक्ष के मुताबिक विधानसभा को अब तक दो सौ से ज्यादा सवाल मिल चुके हैं. उन्होंने कहा कि विधानसभा का पिछला सत्र मार्च में हुआ था. ऐसे में सत्र सितंबर से पहले होना है। उन्होंने कहा कि सरकार को तय करना है कि सत्र कब और कहां होगा। सत्र चाहे देहरादून में हो या गैरसैंण विधानसभा इसके लिए तैयार है।

