उत्तराखंड के दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के प्रयासों से त्योहारी सीजन में राज्य के करीब 52 हजार दुग्ध उत्पादकों के चेहरे खिल गए हैं. जी हां, कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने प्रदेश के डेयरी कारोबार में लगे करीब 52 हजार लोगों को बोनस के रूप में 45 करोड़ रुपये की राशि जारी की है. जाहिर है, जहां दूध उत्पादक दिवाली के उपहार को बोनस के रूप में पाकर खुश हैं, वहीं यह प्रोत्साहन राशि दूध उत्पादन को बढ़ाने के लिए टॉनिक की तरह काम करेगी।
दरअसल, दुग्ध सहकारी समिति के सदस्यों को दुग्ध विकास विभाग द्वारा चार रुपये प्रति लीटर की दर से दुग्ध प्रोत्साहन राशि दी जाती है. इस वर्ष दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा के प्रयासों से दुग्ध उत्पादकों को 45 करोड़ की राशि का भुगतान किया गया है। दीपावली के अवसर पर राज्य सरकार ने दुग्ध संवर्धन के लिए 20 करोड़ रुपये का एकमुश्त भुगतान जारी किया है, जिससे राज्य के लगभग 52 हजार दुग्ध उत्पादकों को लाभ होगा।

जाहिर है ऐसे में जब दुग्ध उत्पादन लागत बढ़ गई है तो इस बोनस से उत्पादकों को राहत मिलेगी. कैबिनेट मंत्री सौरभ बहुगुणा ने बताया है कि बोनस की राशि सीधे दुग्ध उत्पादकों के खाते में डीबीटी के जरिए जमा की जाएगी. दुग्ध उत्पादकों का प्रतिनिधित्व करने वाले दुग्ध संघ अध्यक्षों ने दुग्ध उत्पादकों को दीवाली से पहले मिले बोनस के उपहार के लिए दुग्ध विकास मंत्री सौरभ बहुगुणा और सीएम पुष्कर सिंह धामी को धन्यवाद दिया है।

