मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

माल रोड स्थित एक रेस्टोरेंट के स्टाफ और पर्यटकों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हो गया. विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर रेस्टोरेंट के कर्मचारी ने एक पर्यटक पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में पर्यटक को मसूरी के उप जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया है. वहीं, पुलिस ने रेस्टोरेंट कर्मचारी को हिरासत में ले लिया है।

जानकारी के अनुसार परमजीत सिंह अपने परिवार के साथ देहरादून से मसूरी घूमने आया था। जहां मसूरी ग्रीन चौक के पास चाय सुट्टा बार नाम की एक दुकान पर चाय पीने गए थे . जहां चाय की दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। तभी होटल कर्मचारी ने पर्यटक पर चाकू से वार कर दिया। चाकू के हमले में पर्यटक गंभीर रूप से घायल हो गया। पर्यटक की गंभीर स्थिति को देखते हुए स्थानीय लोगों को मसूरी उप-जिला अस्पताल ले जाया गया। जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई थी। जिसे देख डॉक्टरों ने उसे देहरादून रेफर कर दिया।

चाकू के हमले से कमर में गहरा घाव : मसूरी उप जिला अस्पताल के डॉक्टर गौरव ने बताया कि शाम करीब 7 बजे गंभीर रूप से घायल पर्यटक इस्मानजीत सिंह अरोड़ा (उम्र 27 वर्ष) निवासी ओल्ड सर्वे रोड देहरादून को उनकी माता गुलशन कौर अस्पताल लेकर आई . लेकिन उसकी कमर में चाकू से वार किया गया। इलाज के बाद उसे देहरादून हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

फेंक कर दिया पैसा : मसूरी चाय सुट्टा बार के मालिक नितिन ने बताया कि पर्यटकों ने चाय पीकर कर्मचारी को पैसा फेंक कर दिए . जिसका कर्मचारी ने विरोध किया। जिस पर पर्यटकों ने कर्मचारी के साथ बदसलूकी की. जिसे लेकर दोनों के बीच जमकर विवाद हुआ और पर्यटक को चाकू कब लगा ? वे यह नहीं जानते।

कब्जे में लड़ाई में इस्तेमाल चाकू : मसूरी कोतवाल गिरीश चंद शर्मा ने बताया कि पर्यटक को चाकू से घायल करने के मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है. पुलिस को पीड़ित पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। शिकायत मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। रेस्टोरेंट के कर्मचारी को हिरासत में ले लिया गया है। साथ ही मारपीट में इस्तेमाल चाकू को भी कब्जे में ले लिया है।

रेस्टोरेंट कर्मचारी ने कहा, चाकू से हमला नहीं किया: रेस्टोरेंट कर्मचारी राहुल ने बताया कि पर्यटक ने उसके साथ बदसलूकी की थी. जिसका उन्होंने विरोध किया था। साथ ही कहा कि दोनों के बीच मारपीट भी हुई, लेकिन उसने चाकू से वार नहीं किया।

घायल के पिता का ये आरोप: वहीं, घायल के पिता परमजीत सिंह ने कहा कि रेस्टोरेंट के कर्मचारी ने उनके और उनके परिवार के साथ बदसलूकी की. जिससे उसका कर्मचारी से विवाद हो गया और कर्मचारी ने अचानक उसके बेटे पर चाकू से हमला कर दिया और उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।