देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत के सख्त रवैये के बाद कांग्रेस आलाकमान ने उत्तराखंड के तमाम वरिष्ठ नेताओं को दिल्ली तलब किया है. कांग्रेस प्रदेश चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत, प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल, नेता प्रतिपक्ष प्रीतम सिंह आज शाम तक दिल्ली पहुंचेंगे.

गोदियाल के मुताबिक इस मुद्दे पर कल आलाकमान के साथ बैठक होगी. राहुल गांधी से भी मुलाकात हो सकती है. पूर्व मुख्यमंत्री और राज्य कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने बुधवार को इंटरनेट मीडिया में पोस्ट करके अपनी ही पार्टी पर तंज कसा और धमकी दी कि अगर यह सिलसिला जारी रहा तो वह राजनीति से संन्यास ले सकते हैं। इसके बाद से कांग्रेस में हड़कंप मच गया है।

सत्ता में आने पर महिला सशक्तिकरण प्राथमिकता : हरीश रावत

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि सत्ता में आने के बाद हम महिला सशक्तिकरण और लड़कियों की तकनीकी शिक्षा को प्राथमिकता देंगे. बेरोजगार युवाओं का पलायन रोकने के लिए हम चिकित्सा और शिक्षा के क्षेत्र में प्राथमिकता से काम करेंगे।

बुधवार को नगर निगम सभागार में समिति की ओर से स्वतंत्रता सेनानियों के परिजनों, पूर्व सैनिकों, राज्य आंदोलनकारियों, कोरोना योद्धाओं और समाजसेवियों के सम्मान समारोह का आयोजन किया गया. जिसमें पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने बतौर मुख्य अतिथि उन्हें शॉल, माला और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया. हरीश रावत ने दोहराया कि हम 200 यूनिट बिजली मुफ्त देंगे, गैस सिलेंडर पर 500 रुपये की सब्सिडी प्राथमिकता के आधार पर देंगे. उन्होंने कहा कि मेरी सरकार के समय में बंद हुई सभी योजनाओं को फिर से लागू किया जाएगा. कार्यक्रम में करीब 150 आंगनबाडी कार्यकर्ताओं को कोरोना वारियर अवार्ड से सम्मानित किया गया. कार्यक्रम में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति के साथ पूर्व सैनिकों ने अपनी सेवाओं का अनुभव साझा किया।

पूर्व सीएम हरीश रावत ने स्वतंत्रता सेनानियों के परिवारों पूर्व कर्नल बलबीर रावत, कर्नल एसपी शर्मा, कर्नल आरपी बड़थ्वाल, कर्नल मोहन सिंह रावत,सूबेदार मेजर एसएस नेगी, सूबेदार खुशहाल शर्मा एवं नायब सूबेदार, एसपीएस बिष्ट, मदन सिंह नेगी, कुलदीप सिंह नेगी, रघुनंदन शर्मा व नूपुर गुप्ता, अवधेश पंत, राज्य आंदोलनकारी संजय शर्मा, राजेश कन्नौजिया, संतोष चौहान, जगदीश धीमान, बसंती देवी ऊषा शाहू, आदि को सम्मानित किया गया. अभिनंदन समारोह में नवज्योति जनकल्याण समिति की अध्यक्ष सुशीला खत्री, समिति के संरक्षक यामीन अंसारी आदि ने पूर्व मुख्यमंत्री का स्वागत किया.