देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM

बीजेपी ने भले ही अपने पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को चुनाव में अहमियत न दी हो, लेकिन वोटिंग के बाद बीजेपी के बड़े नेता पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के घर पहुंच रहे हैं. सियासी गलियारे में अलग-अलग मायने निकाले जा रहे हैं. दो दिन पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने त्रिवेंद्र सिंह रावत से उनके निजी आवास पर मुलाकात की थी। वहीं, मंगलवार को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक, कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत और देहरादून के मेयर सुनील उनियाल गामा ने त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात की.

चुनाव नतीजे आने से पहले पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के घर जिस तरह बीजेपी नेता पहुंच रहे हैं, उससे सियासी हलचल तेज हो गई है. इसके कई राजनीतिक अर्थ निकाले जा रहे हैं। उत्तराखंड की राजनीति में त्रिवेंद्र सिंह रावत के साथ भाजपा नेताओं की बैठक भी चर्चा का विषय है, क्योंकि उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 में पार्टी ने त्रिवेंद्र सिंह रावत को ज्यादा महत्व नहीं दिया और मतदान के बाद भाजपा के सभी वरिष्ठ नेता अचानक उनके दर पहुंच रहे हैं।

मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से मुलाकात के बाद जब प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक से इस बैठक को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कुछ भी कहने से इनकार कर दिया. वहीं कैबिनेट मंत्री धन सिंह रावत ने भी कुछ न बोलते हुए मीडिया से दूरी बना ली.