मसूरी , PAHAAD NEWS TEAM

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने राजकीय इंटर कॉलेज बुरांसखंडा में प्रयोगशाला कक्ष, आर्ट एवं क्राफ्ट कक्ष, पुस्तकालय कक्ष और कंप्यूटर कक्ष का लोकार्पण किया. यह निर्माण कार्य समग्र शिक्षा अभियान (माध्यमिक) के माध्यम से स्वीकृत 55 लाख रुपये की लागत से छात्र-छात्राओं को उन्नत शिक्षा का बुनियादी ढांचा उपलब्ध कराने के लिए किया गया है।

इस दौरान कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि हमारा प्रयास है कि हर क्षेत्र में विकास योजनाओं का सीधा लाभ आम नागरिकों तक पहुंचे. स्कूल परिसर में प्रयोगशाला, पुस्तकालय और कंप्यूटर की सुविधा से छात्रों को आधुनिक शिक्षा का लाभ मिलेगा। छात्र देश का भविष्य हैं और हमारी सरकार की प्राथमिकता यह है कि छात्रों को वे सभी सुविधाएं मिलें जिसके वे हकदार हैं। भविष्य में भी स्कूल के लिए 100 यूनिट फर्नीचर उपलब्ध कराया जाएगा। स्कूल के पुराने भवन की मरम्मत की जाएगी और छात्रों को कोट व जूते भी उपलब्ध कराए जाएंगे। इसके लिए हमारी सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

कैबिनेट मंत्री ने देश के पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी को उनकी 97वीं जयंती पर नमन किया। कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री और लोकप्रिय राजनेता अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाया जाता है। सुशासन दिवस को दिवंगत पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की कल्याणकारी नीतियों, प्रगतिशील और लोकप्रिय शासन को समर्पित नीतियों के लिए याद किया जाता है। कार्यक्रम के दौरान, कैबिनेट मंत्री द्वारा पूर्व में की गई घोषणा के अनुसार राजेंद्र भट्ट को एक लाख रुपये एवं संगीता देवी को दो लाख रुपये की सहायता राशि के चेक प्रदान किए गए। यह सहायता राशि ‘पंडित दीन दयाल उपाध्याय एक्शन एंड रिसर्च सोसायटी’ के सौजन्य से प्रदान की गई।