देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में बीजेपी को बड़ा झटका लगा है. कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है। हरक सिंह रावत ने PAHAAD NEWS से बातचीत में इस बात की पुष्टि की है। वहीं, PAHAAD NEWS से बातचीत में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष बीजेपी मदन कौशिक ने बताया कि हरक सिंह रावत के इस्तीफे की मुझे कोई जानकारी नहीं है. वह कोटद्वार में मेडिकल कॉलेज के मुद्दे पर नाराज थे। मैं अभी गोपेश्वर में हूं, सारा काम छोड़कर देहरादून पहुंच रहा हूं। यह सब पार्टी के लिए ठीक नहीं है।
PAHAAD NEWS पर अपने इस्तीफे की बात स्वीकार करते हुए हरक सिंह रावत ने कहा कि मेरा स्वास्थ्य खराब है और क्षेत्र के हित के लिए यह मंत्री पद मेरे लिए छोटा है। इसलिए मैंने यह मंत्री पद छोड़ दिया है। मैं पिछले 5 साल से लगातार मांग कर रहा हूं लेकिन सरकार की ओर से इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है. इसलिए मैंने इस्तीफा देना उचित समझा।
बताया जा रहा है कि हरक सिंह रावत सरकार से कोटद्वार में मेडिकल कॉलेज के मुद्दे को लटकाए जाने से नाराज चल रहे थे. इसी वजह से उन्होंने इस्तीफा दिया है। सूत्रों की माने तो हरक सिंह रावत कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं। बताया जा रहा है कि कल दिल्ली में हरीश रावत से बातचीत के बाद हरक सिंह रावत ने मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया है. ऐसे में वह हरिद्वार के नारसन में कांग्रेस की सदस्यता ले सकते हैं। गौरतलब है कि कल हरीश रावत और हरक सिंह रावत दोनों ही दिल्ली में मौजूद थे.
आपको बता दें कि हरक सिंह रावत उत्तराखंड के एक बड़े नेता हैं, जिन्होंने 2016 में कांग्रेस आलाकमान के खिलाफ बगावत की थी और भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए थे। गौरतलब है कि पिछले कुछ महीनों से हरक सिंह रावत का विद्रोही रवैया देखने को मिल रहा था. इसी वजह से उन्हें दिल्ली भी बुलाया गया था। हालांकि कुछ दिन पहले मामला शांत हो गया था।

