टिहरी गढ़वाल , PAHAAD NEWS TEAM

22 दिसम्बर 2021 ( बुधवार) को राजकीय इण्टर कॉलेज गरखेत जौनपुर टिहरी गढ़वाल में समग्र शिक्षा के अन्तर्गत बालिकाओं की कॅरियर काउन्सलिंग कार्यशाला का आयोजन किया गया, जिसके तहत कक्षा 10 11 एवं 12 की बालिकाओं को उनकी आगामी शिक्षा व करियर निर्माण से सम्बन्धित अनेक महत्त्वपूर्ण जानकारियां प्रदान की गयी।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नैनबाग क्षेत्र के पाव कोटि गांव से पधारे हुए उद्यान पंडित श्री कुन्दन सिंह पंवार जी द्वारा उत्तराखण्ड में रोजगार की रीढ़ माने जाने वाले कृषि एवं पशुपालन के क्षेत्र में बालिकाओं को अन्यन्त महत्वपूर्ण जानकारियां दी गयी। उन्होंने विद्यालय में बालिकाओं की अच्छी संख्या होने की सराहना की एवं इकोसिस्टम में होने वाले परिवर्तनों पर सभी का ध्यान आकर्षित किया। उन्होने बताया कि कृषि मानव जीवन का आधार है एवं गत वर्ष कोविड महामारी में लाकडाउन के दौरान यही एकमात्र क्षेत्र है, जो अछूता रहा। उन्होंने सरला बेन को याद करते हुए पर्यावरण महत्व पर उनका एक कथन कहा कि सभ्यता वही निवास करेगी जहां जंगल होगा। उन्होने पंतनगर विश्वविद्यालय की विशेषताएं सामने रखते हुए बताया कि वहां कृषि व पशुपालन से सम्बन्धित सारे कोर्स उपलब्ध हैं। उन्होने विद्यालय को इस अवसर पर वीपींग विलो, पारिजात बेला व अपराजिता के उपयोगी पौधे भी वृक्षारोपण हेतु प्रदान किए।

कार्यक्रम में अन्य वक्ता कोऑपरेटिव बैंक के प्रबन्धक श्री संदीप पंवार जी ने बैंकिंग क्षेत्र में रोजगार के अवसर व आवश्यक योग्यताओं पर प्रकाश डाला। उन्होने बताया कि कैसे अपने जीवन में संघर्ष से सफलता हासिल की। उनके पश्चात अन्य वक्ता गैड ग्रामसभा से क्षेत्र के नवाचारी शिक्षक श्री सूर्य सिंह पंवार जी ने बालिकाओं को प्रेरित करते हुए कहा कि कोई भी कार्य जीवन में छोटा नहीं होता, बस उसे करने का जज्बा होना चाहिए। उन्होंने मशरूम उत्पादन के लिए बच्चों को प्रेरित किया एवं विद्यालय में संसाधनों उपलब्ध संसाधनों की सराहना करते हुए उन्हें और बेहतर बनाने पर जोर दिया। इसी क्रम में विद्यालय में अध्ययनरत उनकी बालिका कु० प्रिया पंवार ने बालिकाओं की जल्दी शादी करने की प्रवृत्ति को चिंताजनक बताया। विद्यालय की हिन्दी अध्यापिका श्रीमती दीपा टम्टा ने विभिन्न प्रतियोगिताओं से सम्बन्धित पुरस्कार वितरण किया। कार्यक्रम का सफल संचालन व्ययाम शिक्षक श्री जगपाल सिंह ने किया। अन्त में विद्यालय के प्रभारी प्रधानाचार्य श्री ओम प्रकाश कोटनाला जी ने सभी का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के समस्त स्टाफ एवं बच्चों ने अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।