बाजपुर , PAHAAD NEWS TEAM

उधम सिंह नगर की बाजपुर विधानसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी व पूर्व कैबिनेट मंत्री यशपाल आर्य समेत आठ कांग्रेसियों पर आचार संहिता के उल्लंघन और आपदा प्रबंधन कानून के तहत मामला दर्ज किया गया है. वहीं, भाजपा और बसपा के तीन दर्जन से अधिक अज्ञात कार्यकर्ताओं पर आचार संहिता के उल्लंघन और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया है. ये सभी मामले बाजपुर थाने और आईटीआई थाने में दर्ज किए गए हैं.

पूर्व कैबिनेट मंत्री और बाजपुर से कांग्रेस प्रत्याशी यशपाल आर्य समेत उनके आठ समर्थकों के खिलाफ बाजपुर थाने में आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है. पुलिस द्वारा दर्ज मामले में आरोप है कि 25 जनवरी को बाजपुर से कांग्रेस प्रत्याशी यशपाल आर्य अपने समर्थकों के साथ नामांकन दाखिल करने के लिए बाजपुर आरओ (रिटर्निंग ऑफिसर) कार्यालय पहुंचे थे. चुनाव आयोग द्वारा गेट के अंदर केवल तीन लोगों को आरओ कार्यालय में प्रवेश करने की अनुमति है। लेकिन नामांकन दाखिल करने के दौरान उनके समर्थक भी उनके साथ कार्यालय में घुस गए. इस पर आरओ के पत्र पर यशपाल आर्य सहित 8 लोगों पर आचार संहिता के उल्लंघन व आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत बाजपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है.

दूसरा मामला 26 जनवरी का है। पुलिस के मुताबिक बसपा के दो नेता विजय पाल जाटव और कमल दास आईटीआई थाना क्षेत्र में बिना अनुमति के बैठक कर रहे थे. दोनों के खिलाफ आचार संहिता के उल्लंघन और कोविड एसओपी उल्लंघन का मामला दर्ज किया गया है। वहीं तीसरा मामला काशीपुर विधानसभा से जुड़ा है। जहां काशीपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने हाथों में झंडे लिए रैली और आतिशबाजी का आयोजन किया. इस पर एफएसटी (फ्लाइंग स्क्वॉड टीम) इंचार्ज की शिकायत पर 30 से 35 अज्ञात भाजपा कार्यकर्ताओं के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. बता दें कि काशीपुर से बीजेपी ने त्रिलोक चीमा को उम्मीदवार बनाया है.