देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में होने वाले विधानसभा चुनाव 2022 को लेकर केंद्र और राज्य चुनाव आयोग की सक्रियता तेज हो गई है. 23 दिसंबर, 2021 को मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) सुशील चंद्रा दो दिवसीय यात्रा पर उत्तराखंड आ रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, मुख्य चुनाव आयुक्त चंद्रा सबसे पहले सभी राजनीतिक दलों के साथ बैठक कर आगामी चुनाव की रणनीति बनाएंगे.

पहले दिन का कार्यक्रम: मुख्य चुनाव आयुक्त 23 दिसंबर को शाम 4 बजे दिल्ली से देहरादून पहुंचेंगे. उसके बाद शाम पांच बजे राजनीतिक दलों के साथ बैठक होगी। इसके बाद वह राज्य के चुनाव अधिकारियों के साथ बैठक करेंगे. इस दौरान राज्य में निष्पक्ष चुनाव और इसकी विस्तृत तैयारियों के संबंध में दिशा-निर्देश दिए जाएंगे. फिर मुख्य चुनाव आयुक्त चुनाव की तैयारियों को लेकर राज्य के सभी जिलाधिकारियों और पुलिस अधीक्षकों के साथ बैठक करेंगे.

दूसरे दिन का कार्यक्रम 24 दिसंबर को मुख्य चुनाव आयुक्त मतदाता जागरूकता प्रदर्शनी कार्यक्रम में शिरकत करेंगे. इस जागरूकता कार्यक्रम में वोट के अधिकार और जनता को जागरूक करने वाले विषयों पर जोर दिया जाएगा. 24 दिसंबर को चुनाव व्यय निगरानी अधिकारी, मुख्य सचिव और डीजीपी के साथ बैठक होगी. दोपहर में प्रेस कांफ्रेंस कर वे दिल्ली के लिए रवाना होंगे।

डीजीपी की अपील : पुलिस प्रशासन आगामी विधानसभा चुनाव को शांतिपूर्ण व निष्पक्ष बनाने की तैयारी भी कर रहा है. डीजीपी अशोक कुमार ने चुनाव आयोग से उत्तराखंड और यूपी की सीमा से सटे इलाकों में एक ही दिन चुनाव कराने की अपील की है. डीजीपी का कहना है कि राज्य की सीमाएं उत्तर प्रदेश से जुड़ी हुई हैं। अक्सर देखा गया है कि बाहरी राज्यों से बदमाश चुनाव को प्रभावित करने के लिए राज्य में पहुंच जाते हैं। ऐसे में दोनों राज्यों की सीमा से सटे इलाकों में एक ही दिन मतदान होना चाहिए. आपको बता दें, आगामी चुनाव को देखते हुए राज्य की सीमाओं पर सीसीटीवी कैमरे भी लगाए जा रहे हैं. इसके साथ ही बॉर्डर पर चेकिंग के लिए भी पोस्ट बनने लगे हैं।