देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
रूसी सेना के हमले के बाद यूक्रेन में हालात बिगड़ रहे हैं. कई भारतीय यूक्रेन में फंसे हुए हैं। वहीं आप के सीएम उम्मीदवार कर्नल अजय कोठियाल ने रूस और यूक्रेन के बीच चल रहे आपसी संघर्ष पर चिंता व्यक्त करते हुए एक ट्वीट शेयर किया है. उन्होंने ट्वीट कर लिखा कि रूस और यूक्रेन के बीच युद्ध चल रहा है. संघर्ष के हिंसक होने के बाद उत्तराखंड के कई छात्र और व्यवसायी यूक्रेन के अन्य शहरों में फंसे हुए हैं। ऐसे में हम सरकार से अपील करते हैं कि हर भारतीय और उत्तराखंड के लोगों को जल्द से जल्द सकुशल वापस लाया जाए.
अजय कोठियाल ने कहा कि ऐसा समय राजनीति करने के लिए नहीं, बल्कि पूरे देश और राज्य के सभी राजनीतिक संगठनों के एकजुट होने का है. कोठियाल ने कहा कि संकट की इस घड़ी में पूरी दुनिया हिल गई है और हम सभी से ऐसी घड़ी में शांति बहाल करने की अपील करते हैं. उन्होंने केंद्र सरकार से अपील करते हुए सभी भारतीयों को सुरक्षित निकालने की बात कही है.
सीएम धामी भी आए सामने: रूस और यूक्रेन के बीच जंग के बाद यूक्रेन में फंसे भारतीयों की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं. उत्तराखंड के भी बड़ी संख्या में छात्र यूक्रेन में फंसे हुए हैं। सीएम पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि राज्य सरकार लगातार विदेश मंत्रालय के संपर्क में है ताकि यूक्रेन में फंसे छात्रों को जल्द से जल्द भारत लाया जा सके. उत्तराखंड के छात्रों को लेकर सीएम धामी ने कहा कि सरकार उन्हें वापस लाने के लिए प्रतिबद्ध है. उत्तराखंड सरकार लगातार केंद्र सरकार से बातचीत कर रही है। इस पूरे मामले पर विदेश मंत्रालय से बातचीत चल रही है. उत्तराखंड के सभी छात्रों को सकुशल वापस लाया जाएगा।

