देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

कांग्रेस पार्टी के महानगर अध्यक्ष लालचंद शर्मा ने उत्तराखंड पुलिस की पहली पर्वतारोही प्रीति मल्ल को उनके आवास पर सम्मानित किया. इस दौरान लालचंद शर्मा ने कहा कि एक तरफ सरकार बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ की बात करती है, लेकिन जब बेटी भारत का नाम रोशन करती है तो सरकार उसका उत्साह बढ़ाने के लिए कुछ नहीं करती.

लालचंद ने कहा कि राज्य सरकार को आगे आकर इन बहादुर बेटियों का सम्मान करना चाहिए. उन्होंने बताया कि प्रीति ने 8 मार्च को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर अफ्रीका की सबसे ऊंची चोटी माउंट किलिमंजारो में भारत का झंडा फहराकर उत्तराखंड के साथ-साथ देश का नाम भी रोशन किया है. इस दौरान कांग्रेस के लोगों ने प्रीति और उनकी मां को बधाई दी और शॉल ओढ़ाकर उनका सम्मान किया।

बता दें कि उत्तराखंड पुलिस में एसडीआरएफ की वीर जवान प्रीति ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के दिन अफ्रीका महाद्वीप की सबसे ऊंची चोटी किलिमंजारो को फतह करते हुए तिरंगा फहराया था. प्रीति यह उपलब्धि हासिल करने वाली उत्तराखंड की पहली महिला पुलिसकर्मी हैं। प्रीति 2016 से उत्तराखंड पुलिस में महिला कांस्टेबल के रूप में नियुक्त हैं और वर्तमान में 4 साल से एसडीआरएफ में तैनात हैं। अपने निडर स्वभाव के कारण वह एसडीआरएफ से गठित हुए डेयर डेविल हिम रक्षक दस्ते की भी प्रमुख हिस्सा रही हैं। पिछले साल सितंबर में उन्होंने माउंट गंगोत्री एक्सपीडिशन में भी हिस्सा लिया था।