देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड विधानसभा का शीतकालीन सत्र समाप्त होने के बाद पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने प्रेस वार्ता की. जिसमें हरीश रावत ने कांग्रेस विधायकों को पिछले विधानसभा सत्र में सरकार घेरने के लिए बधाई दी थी. इस दौरान कांग्रेस ने दिवंगत सीडीएस बिपिन रावत के गांव में सैन्य धाम बनाने और गैरसैंण विधानसभा भवन का नाम जनरल बिपिन रावत के नाम पर रखने की मांग की है.

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता हरीश रावत ने भी गैरसैंण विधानसभा भवन का नाम जनरल बिपिन रावत के नाम पर रखने की मांग की. इस दौरान हरीश रावत ने कहा कि शीतकालीन सत्र में कांग्रेस के 9 विधायक 90 के बराबर साबित हुए. हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस विधायकों ने जिस तरह से खनन, महंगाई, बेरोजगारी का मुद्दा सदन में उठाया है, वह काबिले तारीफ है. हरीश रावत ने कहा कि सदन में सत्तारूढ़ दल के विधायकों ने सरकार की पोल खोल दी है.

हरीश रावत ने कहा कि मैं कांग्रेस की ओर से सभी संगठनों को आश्वस्त करना चाहता हूं कि कांग्रेस सत्ता में आने पर उनकी समस्याओं का समाधान करेगी. कांग्रेस सरकार में कमेटी बनाएगी, जो इसका समाधान निकालेगी। हरीश रावत ने कहा कि भाजपा सरकार ने बेरोजगारों, कार्यकर्ताओं की आवाज दबाने की कोशिश की है.

इस दौरान हरीश रावत ने कहा कि वह राज्य में खनन, बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर अलग-अलग दिनों में 18 दिसंबर से राज्यव्यापी आंदोलन करेंगे. वे राज्य भर में भाजपा सरकार के खिलाफ माहौल बनाने का काम करेंगे।

इस दौरान गणेश गोदियाल ने कहा कि सरकार की टैब खरीद प्रक्रिया सवालों के घेरे में है. उन्होंने कहा कि धामी सरकार भ्रष्टाचार में डूबी है। गोदियाल ने सरकार पर सहकारिता विभाग में 5-5 लाख में नौकरियां बांटने का आरोप लगाया है. साथ ही उन्होंने कहा कि सरकार सैन्य धाम बनाने में लापरवाही बरत रही है. गणेश गोदियाल ने गांव बिपिन रावत में सैनिक धाम बनाने की मांग की है।