देहरादून , पहाड़ न्यूज टीम
अब गोवा में भी कांग्रेस में बगावत की खबरें आ रही हैं. कुछ विधायकों के बीजेपी में शामिल होने की चर्चा जोरों पर है. इधर, उत्तराखंड में भी कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है. 40 साल से पार्टी से जुड़े और प्रदेश प्रवक्ता रहे डॉ आरपी रतूड़ी और महिला कांग्रेस की प्रदेश उपाध्यक्ष कमलेश रमन ने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है. जिससे कांग्रेस में हड़कंप मच गया है।
दरअसल इस बात की जानकारी आरपी रतूड़ी और कमलेश रमन ने सोशल मीडिया पर शेयर की है। जिसके बाद कांग्रेस भी दोनों नेताओं को मनाने में लग गयी है। कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नवीन जोशी का कहना है कि कमलेश रमन और डॉक्टर आरपी रतूड़ी दोनों ही पार्टी के वरिष्ठ नेता हैं और दोनों अहम पदों पर रह चुके हैं. उन्होंने कहा कि उन्होंने डॉक्टर आरपी रतूड़ी के साथ टेलीफोन पर बातचीत की और उनसे अपने इस्तीफे पर पुनर्विचार करने का आग्रह किया।
उन्होंने कहा कि पार्टी के भीतर छोटी-छोटी बातें होती रहती हैं. ऐसे में डॉक्टर रतूड़ी के बारे में कुछ ऐसी बात होगी, जिससे वह आहत होंगे। इस संबंध में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष करण माहरा को जानकारी दी गई है। उन्होंने कहा कि पार्टी की ओर से डॉ. आरपी रतूड़ी से बातचीत कर इस मसले को सुलझा लिया जाएगा. अगर उन्हें कोई शिकायत है तो आपस में बैठकर उनकी नाराजगी दूर की जाएगी।
कांग्रेस में तनाव और गुटबाजी तो वजह नहींः: आपको बता दें कि कमलेश रमन और डॉ आरपी रतूड़ी दोनों ही पार्टी के वफादार और जुझारू नेता माने जाते रहे हैं. वहीं कांग्रेस में चल रही खींचतान और गुटबाजी को उनके पार्टी छोड़ने का कारण माना जा रहा है. अब कांग्रेस पार्टी का कहना है कि दोनों नेताओं की नाराजगी दूर कर इस मसले का हल निकाला जाएगा.

