देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में ओमिक्रॉन वायरस के प्रवेश से भी हड़कंप मच गया है. दून निवासी दंपत्ति की कोविड रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। वहीं सबसे ज्यादा चिंता की बात ये है कि ये कपल हाल ही में दिल्ली से लौटा है. जहां उन्होंने ओमिक्रॉन से संक्रमित अपने रिश्तेदारों से मुलाकात की।
सीएमओ डॉ मनोज उप्रेती ने बताया कि कोविड संक्रमित दंपति दिल्ली में अपने परिजनों से मिलने गया था. दिल्ली में उनके परिवार के तीन सदस्यों में ओमिक्रॉन संक्रमण की पुष्टि हुई है। ऐसे में एहतियात के तौर पर दंपती के सैंपल को सरकारी दून मेडिकल कॉलेज पटेलनगर की वायरोलॉजी लैब में कोरोना जिनोम सिक्वेंसिंग की जांच के लिए भेजा गया है. बताया जा रहा है कि संक्रमित दंपत्ति के दिल्ली के परिजन हाल ही में कुवैत से लौटे थे। ऐसे में दिल्ली में रहने के दौरान वह इन लोगों के संपर्क में भी आया।
वहीं, डीएम आर राजेश कुमार का कहना है कि दिल्ली से लौटे दंपत्ति की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है. दंपति दिल्ली में अपने ओमिक्रॉन संक्रमित रिश्तेदारों के संपर्क में था। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने देहरादून के राजपुर रोड स्थित दंपति के अपार्टमेंट को अपनी निगरानी में ले लिया है. जल्द ही इस अपार्टमेंट को कंटेनमेंट जोन घोषित करने की तैयारी की जा रही है। इसके साथ ही दंपत्ति की जीनोम सीक्वेंसिंग रिपोर्ट का इंतजार है, उसी के मुताबिक फैसला लिया जाएगा।
हालांकि, उत्तराखंड में विदेश से आए तीन अलग-अलग लोगों में कोरोना की पुष्टि हुई है। इनमें से एक व्यक्ति इंग्लैंड से आया है जबकि दो लोग यमन से आए हैं। फिलहाल इन लोगों के सैंपल ओमिक्रॉन वायरस की पुष्टि के लिए वायरोलॉजी लैब भेजे गए हैं।

