देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते कई जिलों में बाढ़ की स्थिति पैदा हो गई है. गृह मंत्री अमित शाह बाढ़ की स्थिति का जायजा लेने उत्तराखंड पहुंच गए हैं. वह आज देहरादून में अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे और स्थिति का जायजा लेंगे. बैठक में सीएम पुष्कर सिंह धामी समेत तमाम आला अधिकारी मौजूद रहेंगे. आज गृह मंत्री अमित शाह बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण भी करेंगे.

आपको बता दें कि उत्तराखंड में भूस्खलन से जान-माल का काफी नुकसान हुआ है. राज्य में भारी बारिश के कारण भूस्खलन के कारण कई सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं और कई गांवों में बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई है. वहीं, नैनीताल जिले में ही 30 लोगों की मौत हो चुकी है। वहीं, पूरे राज्य में अब तक 55 लोगों की जान जा चुकी है.

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रात 11 बजकर 40 मिनट पर देहरादून पहुंचें

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह बीती रात 11:40 बजे देहरादून के जॉली ग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, केंद्रीय मंत्री अजय भट्ट, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक ने जॉली ग्रांट हवाई अड्डे पर गृह मंत्री का स्वागत किया। जिसके बाद वह सीधे देहरादून राजभवन गए। गृह मंत्री शाह आज उत्तराखंड में प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान और राहत एवं बचाव कार्यों की समीक्षा करेंगे. साथ ही बाढ़ प्रभावित इलाकों का हवाई सर्वेक्षण भी किया जाएगा।

राज्य में अब तक 55 लोगों की मौत हो चुकी है

जिला मृत्यु
नैनीताल 30
चंपावत 11
अल्मोड़ा 06
पौड़ी 03
उधमसिंहनगर 02
पिथौरागढ़ 02
बागेश्वर 01
कुल 55

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह का कार्यक्रम

आज सुबह 9:30 बजे गृह मंत्री राजभवन से जीटीसी हेलीपैड के लिए रवाना होंगे।

जीटीसी हेलीपैड से सुबह 9:45 बजे गृह मंत्री बीएसएफ के हेलीकॉप्टर से 11:30 बजे तक आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हवाई सर्वेक्षण करेंगे.

11:40 बजे जौलीग्रांट एयरपोर्ट स्थित स्टेट गेस्ट हाउस पहुंचेंगे।

गृह मंत्री अमित शाह दोपहर एक बजे जॉली ग्रांट एयरपोर्ट से वायुसेना के विमान से नई दिल्ली के लिए रवाना होंगे।