खटीमा, PAHAAD NEWS TEAM

नानकमत्ता थाना क्षेत्र के आमखेड़ा गांव में बीती शाम एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई, जब बुजुर्ग महिला पर कुत्तों ने हमला कर दिया, जिससे बुजुर्ग महिला की मौत हो गई. मां को बचाने आई बेटी को भी कुत्तों ने गंभीर रूप से घायल कर दिया है। वहीं शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और आवारा कुत्तों को भगा दिया।

गली के आवारा कुत्तों ने धूमखेड़ा गांव में 70 वर्षीय महिला तारो कौर पर हमला कर दिया. तारो कौर 15 दिन पहले अपनी बेटी सुनीता कौर से मिलने उसके घर आमखेड़ा गांव आई थी। बीती शाम उसने अचानक कई कुत्तों के भौंकने की आवाज सुनी, उसने देखा कि जंजीर से बंधे उसके पालतू कुत्ते पर गली के आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया है। तारो कौर आवारा कुत्तों को भगाने लगी तो आवारा कुत्तों ने उन पर हमला कर दिया। मां की चीख-पुकार सुनकर सुनीता कौर पहुंची तो आवारा कुत्तों ने उन पर भी हमला कर दिया।

मां-बेटी की चीख-पुकार सुनकर परिजन व आसपास के लोग पहुंचे और बमुश्किल गली के आवारा कुत्तों को वहां से खदेड़ा। दोनों घायलों को परिजनों ने नानकमत्ता के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने तारो कौर को मृत घोषित कर सुनीता कौर को हायर सेंटर रेफर कर दिया। सुनीता कौर को परिजनों ने बरेली के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. दूसरी ओर नानकमत्ता के ग्रामीणों ने स्थानीय प्रशासन से आवारा कुत्तों से निजात दिलाने की मांग की है.