देहरादून, PAHAAD NEWS TEAM

भारत निर्वाचन आयोग अगले महीने यानी जनवरी में उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 की तारीखों की घोषणा कर सकता है. ऐसे में राजनीतिक दलों के साथ-साथ चुनाव आयोग ने भी इसकी तैयारी शुरू कर दी है. देहरादून के जिला निर्वाचन कार्यालय में इन दिनों कर्मचारी दिन-रात चुनावी तैयारियों में लगे हुए हैं।

चुनाव को देखते हुए कर्मचारियों की रविवार की छुट्टी रद्द कर दी गई है। वहीं, रोजाना 10 हजार वोटर आईडी कार्ड भेजने का लक्ष्य रखा गया है. इसके साथ ही पोस्ट ऑफिस को भी रविवार को खोलने को कहा गया है। नए मतदाताओं को दिए जाने वाले कार्ड में जन जागरूकता के साथ-साथ बीएलओ नंबर आदि भी उपलब्ध कराये जा रहे हैं.

देहरादून जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ आर राजेश कुमार ने अधिकारियों व कर्मचारियों को समय पर काम पूरा करने और व्यवस्थाओं में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं. इसके अलावा जिलाधिकारी ने सभी जोनल व सेक्टर अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी अधिकारी अपने अंतर्गत आने वाले सभी मतदान केंद्रों का जल्द निरीक्षण करें. निरीक्षण के दौरान अधिकारी भवन की स्थिति, पेयजल, शौचालय, मोबाइल कनेक्टिबिटी, शेड, आवश्यक फर्नीचर, सुगम आवागमन और सुरक्षा इत्यादि संबंधित एएमएफ (एश्योर्ड मिनिमम फैसिलिटी) अर्थात बुनियादी सुविधाओं की निर्धारित प्रारूप में सूचना उपलब्ध कराएंगे ।

इसके साथ ही जिला निर्वाचन अधिकारी ने जिले की 10 विधानसभा सीटों के लिए तैनात 37 जोनल मजिस्ट्रेट और 218 सेक्टर अधिकारियों को प्रशिक्षित किया. जिला निर्वाचन अधिकारी आर राजेश कुमार ने बताया कि देहरादून जिले में सर्वाधिक 1 लाख नये मतदाता बने हैं. जिनके कार्ड छपवा कर उनके पते पर भेजे जा रहे हैं. इसके लिए कर्मचारियों की रविवार की छुट्टी निरस्त करते हुए प्रतिदिन 10 हजार कार्ड डिस्पैच करने का लक्ष्य दिया गया है. साथ ही पोस्ट ऑफिस को भी रविवार के दिन खोलने को कहा गया है.