हल्द्वानी , PAHAAD NEWS TEAM
बागवानी सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने तीन दिवसीय अंतरराष्ट्रीय हनी बी फेस्टिवल का शुभारंभ किया. फेस्टिवल में कई कंपनियां हिस्सा ले रही हैं। जहां किसानों को विभिन्न प्रकार के शहद उत्पादन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है। महोत्सव में उत्तराखंड के कई जिलों के किसान बड़ी संख्या में पहुंचे, जिन्हें मधुमक्खी पालन संबंधी जानकारी मिल रही है।
उद्यान सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने कहा कि 18 दिसंबर से 20 दिसंबर तक आयोजित हनी बी फेस्टिवल के माध्यम से उत्तराखंड के किसानों को मौन पालन से जोड़ने के साथ-साथ उनको नई तकनीकी के माध्यम से शहद उत्पादन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराई जा रही है. साथ ही किसानों को बताया जा रहा है कि शहद उत्पादन के बाद मार्केटिंग कैसे करें, जिससे किसानों की आय में वृद्धि हो.
उन्होंने बताया कि उत्तराखंड के शहद को वैश्विक स्तर पर पहचान दिलाने के लिए विदेशी कंपनियों से समझौते करने होंगे। ताकि यहां का शहद विदेशी कंपनियों को उपलब्ध कराया जा सके। सरकार की ओर से मौन पालन से जुड़ने के लिए तरह-तरह के कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं. ताकि किसान मौन पालन के क्षेत्र में बेहतर कार्य कर सकें।
मधुमक्खी पालन के क्षेत्र में नैनीताल जिला आगे बढ़ रहा है। ऐसे में जौलीकोर्ट में एक प्रशिक्षण केंद्र स्थापित किया गया है, जहां मौन पालन की जानकारी मिलने के बाद किसान मधुमक्खी पालन के क्षेत्र में काम कर सकेंगे. महोत्सव में कई कंपनियों ने अपने मधुमक्खी उत्पादन सहित मधुमक्खी उत्पादन करने वाले इंस्ट्रूमेंट के भी प्रदर्शनी लगाई है।

