देहरादून , PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में आज धामी सरकार का शपथ ग्रहण समारोह होने जा रहा है. वहीं समारोह से पहले बीजेपी के शीर्ष नेता मंदिरों में पूजा-अर्चना करते नजर आ रहे हैं. इसी कड़ी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज नई सरकार के शपथ ग्रहण से पहले पूजा के लिए टपकेश्वर मंदिर पहुंचे. इस दौरान पुष्कर सिंह धामी के साथ मसूरी विधायक गणेश जोशी भी मौजूद रहे। धामी ने मंदिर में करीब 20 मिनट तक पूजा-अर्चना की।
इस दौरान सीएम धामी ने कहा कि वह जब भी कोई नया काम शुरू करते हैं तो भगवान शिव के चरणों में आ जाते हैं. जब वह देहरादून में होते हैं तो टपकेश्वर मंदिर के दर्शन जरूर करते हैं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी के विजन से उत्तराखंड के विकास के लिए काम किया जाएगा. उन्होंने कहा कि शपथ लेने के बाद राज्य के विकास के लिए जो भी संकल्प लिए जाएंगे, उन्हें पूरा किया जाएगा.
मदन कौशिक ने भी की पूजा : इसी क्रम में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक आज सुबह देहरादून के चकराता रोड स्थित शिव शक्ति शनि मंदिर पहुंचे और जलाभिषेक कर पूजा-अर्चना की. इस दौरान उन्होंने राज्य की समृद्धि और अगले 5 साल के लिए जनहित में सरकार की योजनाओं की कामना की. वहीं भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम ने शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने से पहले देहरादून के रेसकोर्स गुरुद्वारे में पाठ किया.
भाजपा युवा मोर्चा के पूर्व उपाध्यक्ष सचिन गुप्ता के अनुसार यमुना कॉलोनी सरकारी आवास से भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक कार्यकर्ताओं के साथ चकराता रोड स्थित शिव शक्ति शनि मंदिर पहुंचे, जहां उन्होंने विधि-विधान से शिवलिंग की पूजा की. साथ ही सरकार बनने से पहले राज्य के हित के लिए ईश्वर से प्रार्थना की।
आपको बता दें कि पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष की पूजा का कार्यक्रम टपकेश्वर महादेव मंदिर में प्रस्तावित था, लेकिन किन्हीं कारणों से उन्होंने चकराता रोड स्थित शिव शक्ति मंदिर में पहुंचकर पूजा-अर्चना की.
बता दें कि आज दोपहर परेड ग्राउंड में बीजेपी ने सीएम पुष्कर सिंह धामी और उनके कैबिनेट के शपथ ग्रहण समारोह को भव्य बनाया गया है. जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा भी शामिल होंगे. सीएम धामी राज्य के 12वें मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ लेंगे.

