हल्द्वानी, PAHAAD NEWS TEAM
उत्तराखंड में 14 फरवरी को मतदान है. इससे पहले लालकुआं विधानसभा सीट पर बीजेपी को झटका लगा है. पूर्व सीएम भगत सिंह कोश्यारी की रिश्तेदार महिला मोर्चा की मंडल अध्यक्ष रह चुकी महिला नेत्री ने बीजेपी छोड़ अपने समर्थकों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गई हैं.
लालकुआं सीट है हॉट सीट: लालकुआं विधानसभा सीट प्रदेश की सबसे हॉट सीट बनी हुई है. कांग्रेस और बीजेपी दोनों के लिए यह सीट प्रतिष्ठा का सवाल बनी हुई है. कांग्रेस जीत के लिए लगातार बीजेपी में सेंध लगा रही है. इसके तहत कांग्रेस लगातार बीजेपी के लोगों को अपनी पार्टी में शामिल करवा रही है. मंगलवार को बीजेपी के पूर्वी मंडल अध्यक्ष के कांग्रेस में शामिल होने के बाद देर रात कांग्रेस ने बीजेपी को एक बार फिर बड़ा झटका दिया है.
माया कोश्यारी कांग्रेस में शामिल हुईं: कांग्रेस ने उत्तराखंड के पूर्व सीएम और महाराष्ट्र के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी की रिश्तेदार और बिंदुखत्ता भाजपा महिला मोर्चा की दो बार की अध्यक्ष माया कोश्यारी को कांग्रेस में शामिल किया है। माया कोश्यारी ने भाजपा छोड़ दी और छह पूर्व पदाधिकारियों के साथ कांग्रेस में शामिल हो गईं। पूर्व मुख्यमंत्री और लालकुआं सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत ने उन्हें कांग्रेस में शामिल किया है.
माया कोश्यारी के साथ कांग्रेस में शामिल होने वाली अन्य भाजपा महिला कार्यकर्ताओं में पूर्व महासचिव दीपा बोरा, मंत्री सुमन बोरा व कार्यकारिणी सदस्य किरन बिष्ट शामिल हैं। इन महिला नेताओं ने कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत पर भरोसा जताते हुए बीजेपी छोड़ दी है. इस मौके पर लालकुआं सीट से कांग्रेस प्रत्याशी हरीश रावत ने कहा है कि लोग भाजपा से तंग आ चुके हैं और बदलाव की मांग कर रहे हैं. इसी के चलते लोग अब बीजेपी छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो रहे हैं.

