हल्द्वानी , पहाड़ न्यूज टीम
नैनीताल के हल्द्वानी में सरकारी नजूल की जमीन बड़े पैमाने पर खाली पड़ी है. जिस पर लंबे समय से भू-माफियाओं की ओर से कब्जे और अतिक्रमण की शिकायतें मिल रही हैं. कई जगह तो अतिक्रमणकारियों ने स्थाई अतिक्रमण भी कर लिया है। सरकारी विभागों की जमीन भी भू-माफियाओं से नहीं बच पाई है, इसलिए अब मुख्यमंत्री के निर्देश पर प्रशासन ने सभी सरकारी जमीनों को चिन्हित करना शुरू कर दिया है. इसी कड़ी में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने कई सरकारी नजूल जमीनों का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने नगर मजिस्ट्रेट, एसडीएम और मुख्य नगर आयुक्त को सरकारी जमीन को खुर्द बुर्द करने वाले लोगों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए.
हल्द्वानी में निरीक्षण के दौरान कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने सरकारी जमीन पर किसी भी तरह का अतिक्रमण रोकने के निर्देश दिए. साथ ही कहा कि सीएम पुष्कर धामी की घोषणा समेत कई अन्य विभागीय कार्यों के लिए जमीन की बेहद जरूरत है. हल्द्वानी में पार्क व वाहनों की पार्किंग समेत प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए जमीन की जरूरत को देखते हुए सरकारी जमीन का निरीक्षण किया गया है.
वहीं आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि अधिकारियों को निर्देश दिया गया है कि यदि कोई व्यक्ति सरकारी जमीन पर कब्जा कर नक्शा पास कराना चाहता है तो उसे तत्काल रोका जाए. साथ ही उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाए। साथ ही यदि किसी अधिभोगी की ओर से न्यायालय में जाकर निर्माण कराया जा रहा है तो उस पर भी अपील कर उच्चाधिकारियों के संज्ञान में लाया जाए।

