थराली , पहाड़ न्यूज टीम
स्वर्गीय नारायण सिंह नेगी की स्मृति में मैती संस्था ने विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर नारायणबगड़ प्रखंड के सणकोट गांव में कार्यक्रम का आयोजन किया. इस मौके पर कई लोगों को मैती सम्मान से नवाजा गया. कार्यक्रम की अध्यक्षता थराली विधायक भूपाल राम टम्टा ने की। वहीं, पूर्व रियर एडमिरल ओमप्रकाश राणा मुख्य अतिथि के रूप में कार्यक्रम में शामिल हुए।
मैती आंदोलन के नेता पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने पर्यावरणविद् स्वर्गीय नारायण सिंह नेगी द्वारा स्थापित 30 हेक्टेयर वन क्षेत्र में फैले स्मृति वन का नाम उनके नाम पर रखकर इस स्मृति वन के संरक्षण की बात की। वहीं पर्यावरण, शिक्षण कार्य के क्षेत्र में काम करने वाले पर्यावरण प्रेमियों के साथ-साथ पर्यावरण की रक्षा करने वाले शिक्षकों, सामाजिक सरोकारों से जुड़े व्यक्तियों और पत्रकारिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण की आवाज अपनी लेखनी से उठने वाले पत्रकारों समेत कुल 10 हस्तियों को मैती सम्मान से सम्मानित किया गया।
पद्मश्री कल्याण सिंह रावत ने कहा कि जो लोग सम्मान के पात्र हैं, वे हमारे पर्यावरण, जल, जंगल और जमीन को बचाने में लगे हैं। उन्होंने कहा कि सरकारों को पहाड़ों पर ध्यान देना चाहिए.

