ऋषिकेश, PAHAAD NEWS TEAM

हरियाणा के फरीदाबाद में आयोजित राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप में ऋषिकेश की मनीषा नामदेव ने स्वर्ण पदक जीतकर उत्तराखंड का नाम रौशन किया है. कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल समेत तमाम जनप्रतिनिधियों ने मनीषा नामदेव को गोल्ड जीतने पर बधाई दी है.

ऋषिकेश नगर निगम क्षेत्र के बीरपुर खुर्द निवासी राष्ट्रीय योग खिलाड़ी मनीषा नामदेव के अनुसार हरियाणा के फरीदाबाद में 25 से 27 मार्च तक राष्ट्रीय योग चैंपियनशिप का आयोजन किया गया. जिसमें 20 राज्यों के करीब 1000 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उन्होंने 30 से 40 साल की उम्र के खिलाड़ियों की प्रतियोगिता में हिस्सा लेते हुए गोल्ड मेडल जीता है. मनीषा ने बताया कि गोल्ड मेडल जीतकर वह काफी खुश हैं, वहीं इस सफलता का श्रेय उन्होंने अपने माता-पिता और योग गुरुओं को दिया है.

उन्होंने बताया कि योग करने से शरीर स्वस्थ रहता है। कई प्रतियोगिताओं में भाग लेने के दौरान योग प्रतिभागियों के लिए मददगार साबित हुआ है। योग की मदद से कई सिने सितारों ने उम्रदराज होने के बावजूद अपने शरीर को मजबूत बनाया है। उन्होंने दावा किया कि वह आगे भी अन्य प्रतियोगिताओं में भाग लेकर देश का नाम रोशन करती रहेंगी।

वहीं मनीषा की इस उपलब्धि पर उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री व ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल, नगर निगम की महापौर अनीता ममगाई, महिला आयोग की अध्यक्ष कुसुम कंडवाल, भाजपा नेत्री सीमा रानी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सदस्य जयेंद्र रमोला, कांग्रेस नेता रवि जैन सहित कई जनप्रतिनिधियों ने प्रसन्नता व्यक्त की और मनीषा को बधाई दी।